Monday 26 November 2018

अस्ताचल

ऐ मन चंचल! अवश्यम्भावी है अस्ताचल!
पर धीरज रख, रश्मि-रथ फिर लौट आएगी कल....

कर, तू जितनी मर्जी चल,
आवरण, तू चाहे जितने भी बदल,
दिशा, तू चाहे कोई भी निकल!
मचल! मेरे मन, तू और जरा मचल!
निश्चय है अस्ताचल!

उद्दीप्त होते सूरज को देखो,
प्रचण्ड होती, किरणों को परखो,
प्रभा, इनके भी होते निर्बल!
अस्तगामी है सब, अस्त हुए ये चल,
निश्चय है अस्ताचल!

पर संयम रख, अरुणोदय फिर भी होगा कल....

उद्दीप्त होते ये प्रभा किरण! 
ये प्रदीप्त राहें, आभाएं है अस्तगामी,
गतिशील क्षण, गतिमान हर-पल!
यह ज्वलंत वर्तमान, भूतकाल है कल,
निश्चय है अस्ताचल!

पर संयम रख, वर्तमान फिर से आएगा कल....

बस, ये मन में ध्यान रहे,
शीघ्रता में, तेरे ये कदम ना डिगें,
गिर, फिर उठ कर तू सम्हल!
ये आशा, ये सपने, ये लक्ष्य ना बदल!
आए चाहे अस्ताचल!

चलना ही है, इस जीवन का हल,
या समाप्त हो जाएँ ये राहें, 
या प्रभाविहीन हो जाए ये आभाएं,
ऊषा-किरण, फिर लौट आएगी कल!
आने दो ये अस्ताचल!

ऐ मन चंचल! अवश्यम्भावी है अस्ताचल!
पर धीरज रख, रश्मि-रथ फिर लौट आएगी कल....

No comments:

Post a Comment