Showing posts with label अधिकार. Show all posts
Showing posts with label अधिकार. Show all posts

Saturday 19 March 2022

दीर्घ श्वांस

आपा-धापी में....
शुकून, इक पल मिल सके जब....
तब, दीर्घ श्वासें भर सकूंगा,
तुमसे, मिल सकूंगा!

यूँ तो, आपा-धापी में, भूल बैठा खुद ही को,
रहा निरंतर, खुद से ही निरुत्तर,
कहता, क्या किसी को!
शिकायत तुम जो करते, मैं जाग जाता,
सोए एहसासों को जगाता,
रहे तुम साथ ही, पर मैं!
साथ था कब?

आपा-धापी में....
शुकून, इक पल मिल सके जब....
तब, दीर्घ श्वासें भर सकूंगा,
तुमसे, मिल सकूंगा!

खिली इस बागवां में, अधखिली ही ये कली,
मुरझा चुके, मन के फूल कितने,
आ चुभे, यूँ शूल कितने,
इस राह पर, तुम, जताते अधिकार गर,
रुक ही जाता, मैं रास्तों पर,
सहते गए, तुम धूप सारे, 
गुम रहा मैं!

आपा-धापी में....
शुकून, इक पल मिल सके जब....
तब, दीर्घ श्वासें भर सकूंगा,
तुमसे, मिल सकूंगा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 13 March 2022

हार जाता हूँ

तुझको जीत लेने की कोशिश में, हर बार,
खुद, हार जाता हूँ मैं,
देखो ना,
दूर कहाँ, तुझसे, जा पाता हूँ मैं !

हरा देती है, मुझको, एक झलक तेरी,
बढ़ा जाती है, और ललक मेरी,
एक झलक वही फिर पाने को, बार-बार,
पास, चला आता हूँ मैं!

देखो ना....., खुद हार जाता हूँ मैं!

तुझमें, शायद, सागर है इक समाया,
है गागर सा, जो छलक आया,
उन लहरों संग, ठहर जाने को, हर बार,
पास, चला आता हूँ मैं!

देखो ना....., खुद हार जाता हूँ मैं!

मन ही जो हारा, करे क्या बेचारा?
जागे, तक-तक रातों का तारा,
विवशता वश, जताने अपना अधिकार,
पास, चला आता हूँ मैं!

देखो ना....., खुद हार जाता हूँ मैं!

जैसे, थका हारा, एक मुसाफिर मैं, 
भाए ना, जिसको, कोई भी शै,
सारे स्वप्न अधूरे, कर लेने को साकार,
पास, चला आता हूँ मैं!

देखो ना....., खुद हार जाता हूँ मैं!

तुझको जीत लेने की कोशिश में, हर बार,
खुद, हार जाता हूँ मैं,
देखो ना,
दूर कहाँ, तुझसे, जा पाता हूँ मैं !

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 18 February 2022

निरुत्तर

किसी ने, उकसाया था, शायद!
यूं ही, पूछ बैठी,
प्रेयसी मेरी, मुझसे ही,
कि, प्रेम तुम्हारा, कांटा है या फूल?

क्यूं रहती हूं, मैं बिल्कुल पास, तुम्हारे ही,
जबकि, कभी, चुभ जाती हैं, 
तुम्हारी, कुछ बातें, आकर यूं ही,
अक्सर, होते हो रूखे,
कर जाते हो, अनसुना, एहसासों को मेरे,
दो पल को, होती हूं, भावुक,
फिर, दूजे ही पल, 
हो उठती हूं, भाव-विभोर,
खो जाती हूं, बस तुझमें ही,
सुना है, टूटकर भी, सूखते नहीं, नागफनी!
जबकि, पल में, सूख जाते हैं फूल,
कहो ना, 
कि, प्रेम तुम्हारा, कांटा है या फूल?

निरंतर, उनसे, ये बातें सुन कर,
निरुत्तर सा था मैं!
विषयवस्तु ही थे कठिन,
निरंतर कुछ प्रश्न, थे और जटिल! 

क्यूं, घबराता है मन, तुम्हारे न आने से,
एहसास, क्यूं हो उठते सूने!
घेरे होते हैं, तेरी बातों के, वलय,
व्यस्तता भी नहीं, कोई,
फिर भी, ख्यालों में व्यस्त सी दिन भर,
डंसते हुए,  सांझ के वो पल,
चुभता सा इंतजार,
खिंची सी होती, उस ओर,
ज्यूं पतंग संग, बंधी कोई डोर,
सुना है, उम्र भर कुम्हलाते नहीं नागफनी!
लेकिन, क्षण भर में मुर्झाते ये फूल,
कहो ना, 
कि, प्रेम तुम्हारा, कांटा है या फूल?

डूब चुका था, गहरी सोंच में मैं,
प्रश्न ही था ऐसा,
भिन्न कर पाता मैं कैसे,
यह, प्रेम हमारा, कांटा है या फूल?

हां, एक दिलासा भर, मैं दे सकता था,
सपने, संग बुन सकता था,
संग, दूर तलक चल सकता था,
मैं, बो देता कांटे कैसे!
हाँ, बिछ जाता, उनकी प्रगति पथ पर,
लेकिन, कैसी थी यह शंका!
क्या, कारण था?
शायद, मेरी ही अनदेखी!
मैंने ही, कब उनका प्रेम जाना!
अधिकारवश, कुछ भी मेरा कह जाना,
अकारण से ही, कोई दोषारोपण,
या मैंने,
नादानी में ही, की थी कुछ भूल?

मैंने ही, उकसाया था, शायद!
या, यूंही पूछ बैठी,
प्रेयसी मेरी, मुझसे ही,
कि, प्रेम तुम्हारा, कांटा है या फूल?

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 15 September 2020

असहज

तनिक सहज, होने लगा हूँ मै अभी,
पर बादलों सा, उतर आओगे,
असहज, इस मन को कर जाओगे!

संचित हो आज भी, असंख्य लम्हों में तुम,
पर हूँ आज वंचित, सानिध्य से मैं!
बारिशों में, जब जलज सा उभर आओगे!
असहज, इस मन को कर जाओगे!

तुम्हें इख्तियार था, जाओ या ठहर जाओ,
इख्तियार से अपने, वंचित रहा मैं,
एकल अधिकार, हर बार तुम दिखाओगे!
असहज, इस मन को कर जाओगे!

पल सारे इन्तजार के, अब हो चले है सूने,
सहज एहसास, चुनने लगा हूँ मैं,
कोई राग बन कर, सीने में उतर आओगे!
असहज, इस मन को कर जाओगे!

तनिक सहज, होने लगा हूँ मै अभी,
धुँध बन कर, बिखर जाओगे,
असहज, इस मन को कर जाओगे!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 10 April 2020

अधिकार

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

अब अधिकार है, सिर्फ तुझको!
आँखें फेर लो, या, अंक-पाश में घेर लो,
चलो, गगन में, संग दूर तक,
या, मध्य राह में, कहीं, मुँह मोड़ लो,
जल चुके थे, धू-धू हम तो,
उसी अग्नकुंड में!
जल चुकी थी, मेरी कामनाएँ,
बाकि, रही थी, एक इक्षा!
तुम करोगे, एक दिन,
मेरी समीक्षा!

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

अधिकार है, पूछने का तुमको!
कितना जला मैं? कितना संग चला मैं?
उन, सात फेरों, में घिरा मैं!
या, मध्य राह में, वचन फिर सात लो,
सिमटते रहे, थे हम तो,
उसी प्रस्तावना में!
बहकती रही थी, मेरी भावनाएँ,
शेष, बची थी, एक इक्षा!
करोगे, एक दिन, तुम,
मेरी समीक्षा!

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 12 November 2019

प्रजातंत्र - सत्ता-लोलुपता

प्रजातंत्र के हंता, ये नेता!
उन्हें, भोगनी है सत्ता,
आम जन की, यहाँ कौन सोचता!
सर्वोपरि है, सत्ता-लोलुपता!

बस, कुर्सी दे दो उनको,
चूर नशे में, फिर रहने दो उनको,
मिटने दो, जन-उम्मीदों को!
प्रजातंत्र है, प्रजा खुद सुलझाएंगी,
समस्याएँ, जब बढ़ जाएंगी,
काँटों में, उलझ जाएंगी,
हो विवश, सत्ता-लोलुपता वश,
बुद्धि हीन हमें समझ,
हाथ जोड़, वो फिर से आएंगे,
हलके से, मुस्काएंगे,
देश राग गाएंगे,
वादों कसमों को दोहराएंगे,
इक आम जन, हैं हम,
सजा भोगते, मजबूर प्रजागण हैं हम,
हर हाल में, बस दीन-जन हैं हम,
राजा, हम फिर चुन लेंगे,
हमें कहाँ, ना कहने का है अवसर है,
मजबूरी है, ये प्रजातंत्र है,
हर शाख पर, फलती है सुख सत्ता,
गंदी सत्ता-लोलुपंता!
वोट, हम फिर दे ही आएंगे,
खर्च भी ! वहन हम ही कर जाएंगे!
ना भी, ना कह पाएंगे,
कौन सोचता, क्या हो प्रजा का अधिकार?
ना कहने का, बस उनका है अधिकार!
प्रजा, मूक-द्रष्टा, है बस भोगता,
झूठा, खोखला है ये प्रजातंत्र,
प्रजा की, देश की, यहाँ कौन सोचता!

प्रजातंत्र के ये हंता, ये नेता!
उन्हें, भोगनी है सत्ता,
आम जन की, यहाँ कौन सोचता!
सर्वोपरि है, सत्ता-लोलुपता!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Tuesday 14 August 2018

स्वतंत्रता (900वीं रचना)

लहराकर ये तिरंगा, कर रही है यही पुकार!

सीमाएं हों सुरक्षित, राहें हों बाधा-रहित,
बनें निर्भीक हम, हों सदा निर्विकार,
प्रगति के पथ पर सबका हो अधिकार,
मुक्त सांसों में स्वच्छंद हों विचार,
क्लेश मिटे सबके मन से,
ऐसा हो स्वतंत्र भावों का संचार.....
लहराकर ये तिरंगा, कर रही है यही पुकार!

बौद्धिक विकास हो, सद्गुण का हो संचार,
सुरक्षित हो बेटियां, ना ही हो दुराचार,
मानवता विचरण करे, हो दुर्जन का संहार,
सुरक्षित हों जन-जन के अधिकार,
देश सँवरे, सभ्यता निखरे,
ऐसा ही हो स्वतंत्रता का एहसास...
लहराकर ये तिरंगा, कर रही है यही पुकार!

तीन रंगों में घुलते हों, जन-जन के विचार,
रंग केसरिया, नस-नस में हम लें उतार,
हरे रंग में हो घुले, आचरण और व्यवहार,
हो उजला रंग सा, मन का ये संसार,
इन तीन रंगों से हो होली,
ऐसा ही हो स्वतंत्रता का त्योहार....
लहराकर ये तिरंगा, कर रही है यही पुकार!
सभी को 15 अगस्त की हार्दिक शुभकामनाएं

Sunday 24 September 2017

किंकर्तव्यविमूढ

गूढ होता हर क्षण, समय का यह विस्तार!
मिल पाता क्यूँ नहीं मन को, इक अपना अभिसार,
झुंझलाहट होती दिशाहीन अपनी मति पर,
किंकर्तव्यविमूढ सा फिर देखता, समय का विस्तार!

हाथ गहे हाथों में, कभी करता फिर विचार!
जटिल बड़ी है यह पहेली,नहीं किसी की ये सहेली!
झुंझलाहट होती दिशाहीन मन की गति पर,
ठिठककर दबे पाँवों फिर देखता, समय का विस्तार!

हूँ मैं इक लघुकण, क्या पाऊँगा अभिसार?
निर्झर है यह समय, कर पाऊँगा मैं केसे अधिकार?
अकुलाहट होती संहारी समय की नियति पर,
निःशब्द स्थिरभाव  फिर देखता, समय का विस्तार!

रच लेता हूँ मन ही मन इक छोटा सा संसार,
समय की बहती धारा में मन को बस देता हूँ उतार,
सरसराहट होती, नैया जब बहती बीच धार,
निरुत्तर भावों से मैं फिर देखता, समय का विस्तार!

Sunday 9 July 2017

मन का इक कोना

मन का इक कोना, तुम बिन है आज भी सूना.....

यूँ तो अब तन्हा बीत चुकी हैं सदियाँ,
बहाने जी लेने के सौ, ढूँढ लिया है इस मन ने,
फिर भी, क्युँ नही भरता मन का वो कोना?
क्युँ चाहे वो बस तेरी ही यादों में खोना?

मन का इक कोना, तुम बिन है आज भी सूना.....

मिले जीवन के पथ कितने ही सहारे,
मन के उस जिद्दी से कोने से बस हम हैं हारे,
खाली खाली सा रहता हरदम वो कोना!
वो सूना सा कोना चाहे तेरा ही होना!

मन का इक कोना, तुम बिन है आज भी सूना.....

खिलते रहें हैं फूल मन के हर कोने में,
इक पतझड़ सा क्यूँ छाया, मन के उस कोने में,
रिमझिम बारिश क्यूँ बरसे ना उस कोना?
कोई फूल खिले ना क्यूँ उस कोना?

मन का इक कोना, तुम बिन है आज भी सूना.....

अधिकार तुम्हारा शायद उस कोने पर,
इक अविजित साम्राज्य है तुम्हारा उस कोने पर,
जीत सका तुझसे ना वापस कोई वो कोना!
मेरे अन्दर ही पराया मुझसे वो कोना!

मन का इक कोना, तुम बिन है आज भी सूना.....