Showing posts with label कल. Show all posts
Showing posts with label कल. Show all posts

Saturday 12 February 2022

आवाज

कल, कहीं, किस्सों में मिलूंगा,
किधर, न जाने, कितने हिस्सों में बटूंगा,
आज, पुरकशिश, इक आवाज़ हूँ,
सुन लो, धड़कता साज हूँ!

भटक कर रह गई, कहीं, कितनी आवाजें,
सुनता कौन, उनकी गुजारिशें,
बेअसर, लौट आईं कभी, उभरती गूंज बनकर,
कभी, दब कर रह गईं, इक आह बनकर,
पिरोए, एहसास कितने, आज हूँ,
सुन लो, तड़पता साज हूँ!

गूंज वो ही, रखे हैं, चंद शब्दों में पिरोकर,
उभर आते, गीतों में वो अक्सर,
वो ही, बन चले हैं, गुजरते वक्त के हमसफर,
सांझ जो, ढ़ल न पाए, इक रात बनकर,
उस, ठहरे सांझ का अल्फ़ाज़ हूँ,
सुन लो, बिखरता साज हूँ!

जाओगे जिधर, बुलाएंगी, वो ही सदाएं,
अक्सर, राह वो ही, टोक जाएं,
कस्तियां, मुड़ ही जाएंगी, किनारा हो जिधर, 
ये आवाज, कभी कर ही जाएंगी असर,
लिखूं शिलाओं पर, संगतराश हूँ,
सुन लो, बहकता साज हूँ!

इस धार में, बह, जाऊं किधर,
समय के मझधार में, रह, जाऊं किधर,
अनसुना अब तलक, वो राज हूँ,
सुन लो, धड़कता साज हूँ!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Monday 6 December 2021

लगाव

धुंधला सा, वो कल का सवेरा!
मुकम्मल है, या है अधूरा!
कल्पनाओं का बसेरा, वो एक डेरा।

खोल दो, कल की सारी खिड़कियां,
झांक तो लूं, मैं जरा,
क्या धरे भेष वो, कौन सा परिवेश वो,
है किधर, जाने परदेश वो,
लिखे, क्या कहानी, 
बेजुबानी,
दे न जाए, कोई अनचाही निशानी,
परिवेश मेरा!

अनायास, मिल न जाए, मोड़ कोई,
संभल जाऊं, मैं जरा,
ये अन्तहीन, सर्प सरीखी, राहों के घेरे,
विस्तृत, गुमसुम से ये फेरे,
कल, छीन ले सगा,
रहूं, मैं ठगा,
हठात्, दे न जाए, कल इक दगा,
ये वक्त मेरा!

मुझे लगाव, हर एक पल से आज,
जी लूं आज, मैं जरा,
नींव, कल की, आज ही एक डाल दूं,
मन के, भरास निकाल लूं,
क्यूं रहे, ये मन डरा,
यूं भरा-भरा,
हर वक्त ये पल, ये क्षिण, ये धरा,
बस रहे मेरा!

धुंधला सा, वो कल का सवेरा!
मुकम्मल है, या है अधूरा!
कल्पनाओं का बसेरा, वो एक डेरा।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 15 June 2021

ये पल और वो कल

भूल कर, ये पल,
हम तलाशते रहे, वो कल!
कहीं, गौण वर्त्तमान,
मौन, अंजान!

इधर मुझे, ढ़ूँढ़ते रहे, कई पल,
करते, मेरा इन्तजार,
तन्हा, बेजार,
ठहरे, वो अब भी वहीं!

इन्हीं बेजार से, पलों के, मध्य,
कहीं, गौण वर्त्तमान,
मौन, अंजान,
संग, भविष्य भी वहीं!

पनपे, घने कुंठाओं के अरण्य,
हुई, रौशनी नगण्य,
चाहतें अनन्य,
कहीं, भटक रही वहीं!

क्यूँ ना मैं, जी लूँ ये पल यहीं,
वो कल तो है यही,
जीवंतता लिए,
मुझे सींचती, पल यही!

भूल कर, ये पल,
हम तलाशते रहे, वो कल!
कहीं, गौण वर्त्तमान,
मौन, अंजान!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Wednesday 17 June 2020

याद तुझको किया

जब ताकती हो, शून्य को, मेरी आँखें,
रुक सी गई हों, ये मेरी, चंचल सी पलकें,
ठहरा वहीं हो, बादल गगन पे,
तो, समझना, वो तुम हो,
और, याद तुझको, मैंने किया है!

विचलित हो जब, कभी मन तुम्हारा,
जब लेना पड़े, तुम्हें तन्हाईयों का सहारा,
लगे कोई बुलाए, हलके-हलके,
तो, समझना, वो मैं हूँ,
और, याद तुझको, मैंने किया है!

जो झुक जाएँ, उन पर्वतों पे घटाएँ,
कहीं रुक कर पवन, भरे सर्द सी आहें,
राहों में, बिखरे हों टूट कर पत्ते,
तो, समझना, वो मैं हूँ,
और, याद तुझको, मैंने किया है!

आँखें सजल हो, कटता न पल हो,
कोई अश्रु-धार बन, बहता अविरल हो,
पराया लगे जब, एहसास सारे,
तो, समझना, वो मैं हूँ,
और, याद तुझको, मैंने किया है!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 7 June 2020

फसाने

कल के हकीकत, आज लगते हैं फसाने!
खुद हो चले हम, कितने बेगाने!

गुम है हकीकत, गुमनाम हैं गुजरे हुए कल,
कौन जाने, जीवंत कितने थे वो पल,
कोई कहानी सी, बन चुकी वो,
यादों की निशानी सी, बन चुकी वो,
कोरी हकीकत वो, कौन जाने!

कल के हकीकत, आज लगते हैं फसाने!
खुद हो चले हम, कितने बेगाने!

छूट ही जाते हैं, कहीं उन महफ़िलों में हम,
जैसे रूठ जाते हैं, वो गुजरे हुए क्षण,
लौट कर फिर, न आते हैं वो,
छू कर तन्हाई में, गुजर जाते हैं वो,
बीते वो फसाने, कौन जाने!

कल के हकीकत, आज लगते हैं फसाने!
खुद हो चले हम, कितने बेगाने!

ठहरे हैं आज भी हम, उन्हीं अमराइयों में,
एकाकी से पड़े हैं, इन तन्हाईयों में,
बन कर गूंजती है, आवाज वो
मूंद कर नैन, सुनता हूँ आवाज वो,
ख़ामोशियाँ वो, कौन जाने!

कल के हकीकत, आज लगते हैं फसाने!
खुद हो चले हम, कितने बेगाने!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 7 June 2019

उसी कल में

उसी कल की चाह में, रुका हूँ मैं राह में ...

ये आज है, कि गुजरता ही नहीं,
क्या राज है कि मन समझता ही नहीं?
बदल से गए हैं पल,
या यहीं-कहीं ठहर से गए हैं पल,
चल रे चल, ऐ पल तू चल,
यूँ ना बदल,
कल, उनसे कहीं मिलना है हमें,
आने दे जरा, वो ही कल....

उसी कल की चाह में, रुका हूँ मैं राह में....

सुना था कि पंख होते हैं पलों के!
चाल, बड़े ही चपल, होते हैं इन पलों के!
इनको ये हुआ क्या?
उड़ते नहीं क्यूँ आज ये गगन पे,
ऐ, चपल पल, तू जरा चल!
ठहरा जो तू,
चल न दे, वो आने वाला कल,
ले आ जरा, वो ही कल....

उसी कल की चाह में, रुका हूँ मैं राह में....

निस्तब्ध हूँ मैं, देख कर तेरी अदा!
ऐसे न पहले, राह में तू कहीं था यूँ रुका!
निरंतर था तू चला,
क्यूँ आज ही, इस राह में तू रुका?
यूँ न कर मुझसे छल, तू चल!
तू आगे निकल,
उसी कल में, तू भी चल...

उसी कल की चाह में, रुका हूँ मैं राह में....

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Friday 26 January 2018

परछाँई

उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

मैं आज भले हूँ सामने,
कल शायद ना रह पाऊँगा!
शब्दों के ये तोहफे,
फिर तुझे ना दे पाऊँगा!
दिन ढ़ले इक टीस उठे जब,
उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

हूँ बस इक परछाँई मैं,
शब्दों में ही ढ़लता जाऊँगा!
कुरेदुँगा भावों को मै,
मन में ही बसता जाऊँगा!
सांझ ढ़ले ये अश्क गले जब,
उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

लिख जाऊँगा गीत कई,
इन नग्मों में ही बस जाऊँगा!
भाव पिरोकर शब्दों में,
अश्कों में बहता जाऊँगा!
मन की महफिल सूनी हो जब,
उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

न बाट जोहना तुम मेरा,
कल वापस भी न आ पाऊँगा!
यादों की किताब बन,
"कविता कलश" दे जाऊँगा!
कभी हो जीवन में तन्हाई जब,
उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

मैं, आज भले हूँ सामने.......
कल शायद!  ना.... रह पाऊँगा..!
इक कविता "जीवन कलश"....
मैं आँचल में रखता जाऊँगा!
एकाकीपन के अंधेरे हों जब-जब,
उस तारे को देखना, नजर मैं ही आऊँगा...

Wednesday 27 July 2016

जरा सुनो ये धड़कनें

जरा सुनो तो, धड़कन बहके से हैं कुछ कल से....

कहती हैं क्या ये पागल सी धड़कनें,
इसकी टूटी तारों को फिर छेड़ा है किसने,
काबू में क्युँ अब ना ये धड़कने,
धक-धक धड़के हैं ये क्युँ फिर कल से,
तकती हैं अब ये नजरें किस अजनबी की राहें......

जरा सुनो तो, धड़कन बहके से हैं कुछ कल से....

धुन नई नवेली कब से सीखा है इसने,
किस धुन पर ये गाता कुछ तराने अनसुने,
जादू हैं कैसे इन अलबेले बोलों में,
डूबा-डूबा सा है यह किन ख्यालों में कल से,
गूँजी है अब गीत धड़कन के ये किन सदाओं में....

जरा सुनो तो, धड़कन बहके से हैं कुछ कल से....

अंजानी राहों में ये फिर लगा बहकने,
बहके-बहके से हैं अब हालात इस दिल के,
सुनता कब मेरी ये रोकुँ मै इसे कैसे,
कुछ भी न था पहले, ये हालात हैं बस कल से,
बहकी है क्युँ अब ये, बेकाबु है अब क्युँ ये धड़कने.....

जरा सुनो तो, धड़कन बहके से हैं कुछ कल से....

Sunday 17 April 2016

मेरे जज्बात

मैं बार-बार सोचता हूँ! मैं क्युँ न बन पाया उस हृदय और मन सा?

विश्वास की डोर हो या अधिकार या कहें कुछ और,
साथ समय के बदल जाते है यहाँ सब कुछ,
रिश्ते भावनाओं के हों, या हो बेनाम, या कुछ और!

एहसास बदल जाते है, कभी अन्जाने से रिश्तों में,
कभी रिश्ते बदल लेते हैं, जज्बातों के एहसास,
हृदय नही वो पत्थर हैं, बदल लेते है जो जज्बात!

कई बार मन सोचता है! एक ईन्सान के हैं कितने रूप ?

कभी भ्रम पैदा करता वो गहरे एहसासों का,
अपनेपन की बदलते मुखौटों में कभी वो मुस्काता,
जज्बातों को सहलाता अपनी मीठी बोली में तोलकर।

रिश्तों को परिभाषित करता अपनी जरूरतों में हर पल,
जज्बातों की गहराई से खेलता सँवारता अपना आनेवाला कल,
बदलते रिश्तों की इस दुनियाँ में, विश्वास ढ़ूढ़ता अपना ठौर।

वो हृदय! स्वरूप कैसा होगा उस हृदय की कोटरी का?
विश्वास की अधूरी धुन पर जो जानता है बखूबी धड़कना,
उसका मन? कैसा स्वरूप होगा उस इन्सान के मन का?

मैं बार-बार सोचता हूँ! मैं क्युँ न बन पाया उस हृदय और मन सा?

Wednesday 6 April 2016

कल मिले ना मिले

 
दरमियाँ जीवन के इन वयस्त क्षणों के,
स्वच्छंद फुर्सत के एहसास भी हैं जरूरी! ..सही है ना?

दरमियाँ इन धड़कते दिलों के,
धड़कनों के एहतराम भी हैं जरूरी !
कही खो न जाएँ यहीं पे हम,
खुद से खुद का पैगाम भी है जरूरी!

तुम सितारों मे घुमती ही रहो,
नजरों से जमीं का दीदार भी है जरूरी!
आईने मे खुद का दीदार कर लो,
तारीफ चेहरे को गैरों की भी है जरूरी!

जिन्दगी में कितना ही सफल हो,
खुशी पर अपनों की खुशी भी है जरूरी!
जिन्दगी में तुम मिलो न मिलो,
मिलते रहने की कशिश भी है जरूरी!

मौसमों की तरह रंग बदल लो,
मौसम रिमझिम फुहार के भी हैं जरूरी!
कल वक्त ये फिर मिले ना मिले,
आज जी भर के जी लेना भी है जरूरी!

दरमियाँ जीवन के इन वयस्त क्षणों के,
स्वच्छंद फुर्सत के एहसास भी हैं जरूरी! ..सही है ना?

Monday 15 February 2016

कल किसने देखा

वो बस कल की बातें करता रहता नादान,
पल-पल रंग बदलती दुनियाँ से बेखबर वो इंसान,
जीवन तो बस इस पल है, कल से हम सब अंजान।

कल किसने देखा है, कल से किसकी पहचान,
पल में यहाँ बदलता मौसम, बदल जाते पल में इंसान,
पल मे धरा बदलती कक्षा, जानकर भी वो अंजान।

घूमता कालचक्र का पहिया, मांग रहा बलिदान,
सर्वस्व निछावर कर इस पल में, गर बनना तुझे महान,
तलाश किस अनन्त की तुझको, तू कोरा अंजान।

इस पल

वो बस कल की बातें करता रहता नादान,
पल-पल रंग बदलती दुनियाँ से बेखबर वो इंसान,
जीवन तो बस इस पल है, कल से हम सब अंजान।

कल किसने देखा है, कल से किसकी पहचान,
पल में यहाँ बदलता मौसम, बदल जाते पल में इंसान,
पल मे धरा बदलती कक्षा, जानकर भी वो अंजान।

घूमता कालचक्र का पहिया, मांग रहा बलिदान,
सर्वस्व निछावर कर इस पल में, गर बनना तुझे महान,
तलाश किस अनन्त की तुझको, तू कोरा अंजान।