Showing posts with label कसक. Show all posts
Showing posts with label कसक. Show all posts

Saturday 14 March 2020

अक्सर

कुछ बातें, अक्सर!
आकर, रुक जाती हैं होठों पर!

निर्बाध, समय बह चलता है,
जीवन, कब रुकता है!
खो जाती हैं सारी बातें, कालचक्र पर,
पथ पर, रह-रह कर,
कसक कहीं, उठती है मन पर,
कह देनी थी, वो बातें,
रुक जाती थी जो आकर,
इन होंठों पर, 
अक्सर!

ठहरी सी, बातों के पंख लिए,
पखेरू, बस उड़ता है!
हँसता है वो, जीवन के इस छल पर,
रोता है, रह-रह कर,
मंडराता है, विराने से नभ पर,
कटती हैं, सूनी सी रातें, 
अनथक, करवट ले लेकर,
जीवन पथ पर, 
अक्सर!

कल-कल, बहता सा ये निर्झर,
रोके से, कब रुकता है!
फिसलन ही फिसलन, इस पथ पर,
नैनों में, बहते मंजर,
फिसलते हांथो से, वो अवसर,
देकर, यादों की सौगातें, 
चूमती हैं, आगोश में लेकर,
इन राहों पर,
अक्सर!

कुछ बातें, अक्सर!
आकर, रुक जाती हैं होठों पर!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)
...................................................
इसी क्रम में,  अगली रचना  "अक्सर, ये मन" पढ़ने हेतु यहाँ "अक्सर, ये मन"  पर क्लिक करे

Sunday 1 March 2020

रेत के धारे

सुलगती रही, इन्हीं आबादियों में, 
बहते रहे, तपते रेत के धारे...

सूखी हलक़, रूखी सी सड़क,
चिल-चिलाती धूप, रूखा सा फलक,
सूनी राह, उड़ते धूल के अंगारे,
वीरान, वादियों के किनारे,
दिन कई गुजारे!

सुलगती हुई, इन्हीं आबादियों में!

सूखी पवन, अगन ही अगन,
सूखा हलक़, ना चिड़ियों की चहक,
न छाँव कोई, ना कोई पुकारे,
उदास, पलकों के किनारे,
दिन कई गुजारे!

सुलगती हुई, इन्हीं आबादियों में!

खिले टेसू, लिए इक कसक,
जले थे फूल, या सुलगते थे फलक,
दहकते, आसमां के वो तारे,
विलखते, हृदय के सहारे,
दिन कई गुजारे!

सुलगती हुई, इन्हीं आबादियों में!
बहते रहे, तपते रेत के धारे...

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Thursday 24 August 2017

भादो की उमस

दुरूह सा क्युँ हुआ है ये मौसम की कसक?

सिर्फ नेह ही तो .....
बरसाए थे उमरते गगन ने!
स्नेह के....
अनुकूल थे कितने ही ये मौसम!
क्युँ तंज कसने लगी है अब ये उमस?
दुरूह सा क्युँ हुआ....
ये बदली का असह्य मौसम?
प्रतिकूल क्युँ है...
ये भादो की चिलमिलाती सी कसक?

कहीं तंज कस रहे...
ये प्रतिकूल से होते ये मौसम!
कही बाढ की भीषण विभीषिका!
कई चीखें ....
कही हो चली है इनमें दफन!
क्युँ भर चली है....
इस मौसम में ये अगन सी तमस?
क्युँ व्यंग भर रहे...
ये भादो की चिपचिपाती सी उमस?

कई साँसें लील गई...
आपदा प्रकृति की कुछ ऐसे बढी?
मुरझा गई बेलें कई....
खिलकर मुस्कुरा भी न ये सकी!
ये कैसी है घुटन...
क्युँ है ये मौसम की तपन?
क्युँ बिताए न बिते...
ये भादो की तिलमिलाती सी उमस!

दुरूह सा क्युँ हुआ है ये मौसम की कसक?

Thursday 1 September 2016

कसक

सिराहने तले दबी मिली कुछ धुंधली सी यादें,
दब चुकी थी वो समय की तहों में,
परत धूल की जम गई थी उन गुजरे लम्हों में,
अक्सर वो झांकता था सिराहने तले से,
कसक ये कैसी दे गई वो भूली-बिसरी सी बातें ....

वो हवाओं में टहनियों का झूल जाना,
उन बलखाती शाखों को देख सब भूल जाना,
लाज के घूंघट लिए वो खिलती सी कलियाॅ,
मुस्कुराते से लम्हों में घुलती वो मिश्री सी बतियाॅ,
कसक कितने ही साथ लाईं वो धुंधली सी यादें .....

जैसे फेंका हो कंकड़ सधे हाथों से किसी ने,
ठहरी हुई झील सी इस शान्त मन में,
वलय कितने ही यादों के अब लगे हैं बिखरने,
वो तस्वीर धुंधली सी झिलमिलाने लगी फिर मन में ,
कसक फिर से जगी है, पर है अब कहाॅ वो बातें ......

पलटे नहीं जाएंगे अब मुझसे फिर वो सिराहने,
अब लौट कर न आना ऐ धुंथली सी यादें,
तू कभी मुड़कर न आना फिर इस झील में नहाने,
पड़ा रह सिराहने तले, तू यूॅ ही धूल की तहों में,
कसक अब न फिर जगाना,  तू ऐ गुजरी सी यादें .....