Showing posts with label क्षणिक. Show all posts
Showing posts with label क्षणिक. Show all posts

Monday 19 April 2021

नारायण ही जाने

हम तो ठहरे, अन्जाने,
नारायण ही जाने, वो क्या-क्या जाने!

इक उम्र को, झुठलाते,
विस्मित करती, उनकी न्यारी बातें,
कुछ, अनहद प्यारी,
कुछ, उम्मीदों पर भारी!

नारायण ही जाने......

बातें, या जीवन दर्शन,
वो ओजस्वी वक्ता, हम श्रोतागण,
वो शब्द, अर्थ भरे,
जाने क्यूँ, निःशब्द करे!

नारायण ही जाने......

उनकी, बातों में कान्हा,
उनकी, शब्दों में कान्हा सा गाना, 
शायद, वो हैं राधा,
व्यथा, कहे सिर्फ आधा!

नारायण ही जाने......

जाने वो, क्षणिक सुख!
पर वो, भटके ना, उनके सम्मुख,
अनबुझ सी, प्यास,
या, प्रज्ज्वलित सी आस!

नारायण ही जाने......

हम तो ठहरे, अन्जाने,
नारायण ही जाने, वो क्या-क्या जाने!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Monday 24 December 2018

क्षण बह चला

क्षण!
क्षणिक था!
कण था,
इस दरिया संग,
बह चला!

मलय,
समीरन,
इक
झौंका था!
कब आया?
जाने कब गया?
हरियल,
नादान था,
चंचल पंछी था,
जमीं पर
कब उतरा!
ठहरा,
कुछ पल,
रुका!
कब, उड़ चला!

क्षण!
क्षणिक था!
कण था,
इस दरिया संग,
बह चला!

तरसते,
सूखे से पत्ते,
सूखी,
डाली सी काया,
फिर
शिशिर आया,
रस लाया,
लाया, क्या लाया?
प्रतीक्षा के क्षण,
रहे विफल,
प्राण
गँवाया
जीवन से त्राण
कहाँ पाया,
मंद
समीर संग,
बस, उड़ चला!

क्षण!
क्षणिक था!
कण था,
इस दरिया संग,
बह चला!

वो आए,
मन को भरमाए,
चले गये!
मन के रिश्ते,
नाते,
सब तोड़ गये,
अबाध,
अनकट सूनापन,
सूना क्षण,
इक आह विरल,
छोड़ गये,
इस रिक्तता के,
प्रवाह संग,
साँसों में,
उनके ही,
अनुराग संग,
निष्ठुर सा,
समय,
बस, बह चला!

क्षण!
क्षणिक था!
कण था,
इस दरिया संग,
बह चला!

Sunday 25 February 2018

सुख का मुखड़ा

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! जरा ये सुख दिखता कैसा है?
क्या सुख के ये क्षण,
मोह की क्षणिक परछाई के जैसा है?
या दुख के सागर में,
डूबती-तैरती उस नैया के जैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! मुख उसका दिखता कैसा है?
क्युं है वो विमुख?
सुख को पल भर आने दो सम्मुख!
क्या है वो संतप्त?
या वो सावन की हवाओं के जैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! सुख तन्हा सा क्यूं रहता है?
दुःख की उन घड़ियो से,
डर जाने खुद उस सुख को कैसा है?
असह्य होते क्षण में,
पीड़ा के प्रांगण में कैसे वो सोता है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! वो दुर्गम घाटी में कैसे रहता है?
आता जाता है वो कैसे,
क्या पथ उसका काँटों के जैसा है?
क्यूं है वो सबसे विरक्त,
उस विराने से नाता उसका कैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!
आने दो पल भर जरा, सुख को सम्मुख,
चूम लूंगा फिर तेरा भी मुख,
प्यारा है तू, तू तो संग मेरे ही रहता है!

Monday 25 December 2017

क्षणिक अनुराग

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

दो छंदों का यह कैसा राग?
न आरोह, न अनुतान, न आलाप,
बस आँसू और विलाप.....
ज्यूँ तपती धरती पर,
छन से उड़ जाती हों बूंदें बनकर भाफ,
बस तपन और संताप....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

गीत अधुरी क्यूँ उसने गाई,
दया तनिक भी फूलों पर न आई,
वो ले उड़ा पराग....
लिया प्रेम, दिया बैराग,
ओ हरजाई, सुलगाई तूने क्यूँ ये आग?
बस मन का वीतराग.....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

सूना है अब मन का तड़ाग,
छेड़ा है उस बैरी ने यह कैसा राग!
सुर विहीन आलाप....
बे राग, प्रीत से विराग,
छम छम पायल भी करती है विलाप,
बस विरह का सुहाग.....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

Friday 24 June 2016

छाया अल्प सी वो

बुझते दीप की अल्प सी छाया वो,
साथी! उस छाया से मिलना बस सपने की बात.....

प्रतीत होता जिस क्षण है बिल्कुल वो पास,
पंचम स्वर में गाता पुलकित ये मन,
नृत्य भंगिमा करते अस्थिर से दोनों ये नयन,
सुख से भर उठता विह्वल सा ये मन,
लेकिन है इक मृगतृष्णा वो रहता कब है पास....

उड़ते बादल की लघु सी प्रच्छाया वो,
साथी! उस छाया से मिलना बस सपने की बात.....

क्षणिक ही सही जब मिलते हैं उनसे जज्बात,
विपुल कल्पनाओं के तब खुलते द्वार,
पागल से हो जाते तब चितवन के एहसास,
स्मृति में कौंधती है किरणों की बौछार,
लेकिन वो तो है खुश्बु सी बहती सुरभित वात..,,

क्षणिक मेघ की अल्प सी छाया वो,
साथी! उस छाया से मिलना बस सपने की बात..

Friday 18 March 2016

कौन हो तुम

कौन हो तुम?
इक सोच हो या बहती समय हो तुम,
या फिजाओं मे घुली हुई इक महक हो तुम,
बादलों का आँचल हो या फैली हुई धुँध हो तुम।

कौन हो तुम?
बहती नदी हो या चंचल सी छवि हो तुम,
घुल रही है वादियों मे जो, क्या वही स्वर हो तुम,
छलकती हुई धार हो या ठहरी हुई नीर हो तुम।

कौन हो तुम?
इस धरा पर कही मिलते नही हैं निशाँ तुम्हारे,
है कहाँ अस्तित्व तुम्हारा? सागर में या आसमान पर,
उस क्षितिज पर या कही और धरती से परे,
अस्तित्व कहीं इस जहाँ में तुम्हारा है भी या नहीं,
या सिर्फ गूँज बनकर आवाज में ढ़लती रही हो तुम।

कौन हो तुम?
ऐसा लगता है कभी महसूस की थी धड़कनें,
कुछ पल के लिए बैठी थी तुम कहीं मेरे सामने,
बहके हुए दिल तब कभी धड़कते भी थे मेरे लिए?

कौन हो तुम?
तुम क्षणिक बूँद, प्यास जिससे बुझती नहीं,
पी भी लूँ जो बूँद लाखों, प्यास अधूरी ज्युँ की त्युँ,
जलधार सी बहती रहो इस मन की आंगन में सदा तुम।

Tuesday 26 January 2016

क्षणिक पतंगे की जलती कहानी

प्रीत की तेरी,
कहानी क्षणिक पतंगे सी,
अमर प्रीत,
है तेरी जलते दीपक सी,
था लघु,
जीवन तेरी प्रीत का,
पर उम्र सारी,
तूने याद में बीता दी,
कह सकुंगा,
न मै ये जलती कहानी।
मेरे ठंढ़े हृहय में,
अधूरी वो जलती कहानी।

मैं भूलना चाहता,
अब वो जलती कहानी,
जिऊ कैसे,
जब आग उर में होे फानी,
क्या तुम कह पाओगी,
फिर कोई नई कहानी,
क्या तेरे हृदय,
सजेगा आज ठंढा पानी,
क्षणिक पतंगे की,
आग तुझको है फिर जलानी,
मेरे ठंढ़े हृहय में,
तब पू्री होगी वो जलती कहानी।