Showing posts with label गरल. Show all posts
Showing posts with label गरल. Show all posts

Tuesday 8 November 2022

यह क्षण


इस क्षण में, उस क्षण की बातें क्या करना!
इस क्षण ही जीना, इस क्षण ही मरना।

पीकर जीवन-गरल, ढ़ल गए वो कल,
लूट चले जो सुख चैन, बीत चुके वो पल,
गूंज उसी कल की, क्या सुनना?

इस क्षण में, उस क्षण की बातें क्या करना!

वो बीता क्षण, दे जाए ना भीगा जीवन,
मंद कहीं पर जाए ना, इस क्षण की गुंजन,
उन चिथड़ों को, फिर क्या सीना?

इस क्षण में, उस क्षण की बातें क्या करना!

विदा कर, उस पल को, जो गम ही दे,
अलविदा कर दे उन यादों को, जो दुख दे,
बीते उस पल में, अब क्या जीना?

इस क्षण में, उस क्षण की बातें क्या करना!

कितनी प्यारी सी, इस क्षण की कंपन,
सपनों की क्यारी सी, लगती यह गुलशन,
उन कांटों को, अब क्या चुनना?

इस क्षण में, उस क्षण की बातें क्या करना!
इस क्षण ही जीना, इस क्षण ही मरना।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 23 August 2022

किनारों पर


खड़ा, सागर की, किनारों पर,
इक टक देखता, उस मुसाफ़िर की मानिंद था मैं,
और वो, उस लहर की तरह!

हर बार, छू जाती है, जो, आकर किनारों पर,
और लौट जाती है, न जाने किधर,
फिर उठती है, बनकर इक ढे़ह सी उधर,
देखता हूं, मैं वो लहर,
अनवरत, खड़ा सागर की किनारों पर!

और, छूकर जाती, उफनती वो लहर!

करे क्या! हैरान सा, हारा वो बेवश मुसाफ़िर,
बेपरवाह, उन्हीं लहरों का मुंतजिर,
हर पल, छूकर, करती जाती है जो छल,
लिए, उसी की आस,
प्रतीक्षारत, वहीं सागर की किनारों पर!

और, छूकर जाती, उफनती वो लहर!

झंकृत, हर ओर दिशा, और वो, मंत्रमुग्ध सा,
कोई संगीत सी, बज उठती लहर,
बज उठते, कई साज, उनकी इशारों पर,
वो चुने, वो ही गीत,
कल्पनारत, वहीं सागर की किनारों पर!

और, छूकर जाती, उफनती वो लहर!

उन लहरों से इतर, बे-सबर, जाए तो किधर,
अमिट इक चाह, अमृत की उधर,
और अन्तः, गरल कितने छुपाए सागर,
धारे, वो ही प्यास,
प्रतिमावत, खड़ा सागर की किनारों पर!

और, छूकर जाती, उफनती वो लहर!

खड़ा, सागर की, किनारों पर,
इक टक देखता, उस मुसाफ़िर की मानिंद था मैं,
और वो, उस लहर की तरह!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 17 February 2018

विचार

पी-पीकर अमृत, यहाँ रोज मर रहा मानव,
विष के कुछ घूंट पीकर, क्या मर पाएगा मानव!

विषपान किया जब जीवन का,
तब ही जी पाया है मानव,
जीवन के ज्वाला में जल जल,
रोज ही जी रहा है मानव,
व्यथा के भार सहकर, क्या मर पाएगा मानव?

नित अनन्त राह चलते जाने को,
आराम समझ रहा मानव,
साँसों में धू-धू जलते जाने को,
जीना समझ रहा मानव,
अगम अथाह जीवन, क्या थाह पाएगा मानव?

क्षणिक सुख की दो घड़ियों को,
अमृत समझ रहा मानव,
इन दो दो घड़ियों को गिन गिन,
पल पल मर रहा मानव,
विष को अमृत प्याला, समझ पी रहा मानव?

इस ब्रम्हांड के लघु अंश है हम,
कब ब्रम्ह हुआ है मानव?
श्रष्टा की लघु कठपुतली हम,
ब्रम्ह में मिला है मानव!
ब्रम्हलीन होकर, सर्वथा अमर हुआ है मानव!

जिंदा सांसों के बोझ, लेकर चला रहा वो,
घूंट-घूंट गरल के पीकर, नीलकंठ बना है मानव!

Friday 12 February 2016

अमरत्व गरल अश्रुधार!

तुम अविरल अश्रुधार पोछ नही पाओगी!

एक अश्रु-धार नभ से होकर आती,
रुकती कहाँ सुनती कहाँ ये मन की,
निर्झर सी बस आँखों से बह जाती।

तुम अश्रुओं की भाषा पढ़ नही पाओगी!

अश्रु-धार बन कहती प्रेम की भाषा,
वेदना हृदय के आँखों से कह जाती,
थम जाती नैनों में ओस की बुंदों सी।

तुम कोलाहल अश्रुधार की सुन नही पाओगी!

सजते नैन सजल अश्रुधार अविरल,
सागर मंथन से ज्यों निकलता गरल,
हलाहल मन में क्यूँ जब नैन सजल?

तुम मंथन गरल नैनों की पी नही पाओगी!

नैन गरल पीकर अमरत्व पा जाऊँ,
सजल नैन नित्य अश्रुधार ले आऊँ,
निर्झर नैनों में प्रीत सदा भर जाऊँ।

तुम अमरत्व नैन गरल की पा नही पाओगी!