Showing posts with label जिजीविषा. Show all posts
Showing posts with label जिजीविषा. Show all posts

Sunday 11 July 2021

प्रतीक्षा

युग बीता, न बीती इक प्रतीक्षा.....

निःसंकोच, अनवरत, बहा वक्त का दरिया,
पलों के दायरे, होते रहे विस्तृत!
समेटे इक आरजू, बांधे तेरी ही जुस्तजू,
रहूँ कब तक, मैं प्रतीक्षारत!

हो जाने दो, पलों को, कुछ और संकुचित,
ये विस्तार, क्यूँ हो और विस्तृत!
हो चुका आहत, बह चुका वक्त का रक्त,
रहूँ कब तक, मैं प्रतीक्षारत!

कब तक जिए, घायल सी, ये जिजीविषा!
वियावान सी, हो चली हर दिशा,
झांक कर गगन से, पूछता वो ध्रुव तारा,
रहूँ कब तक, मैं प्रतीक्षारत!

जलती रही आँच इक, सुलगती रही आग,
लकड़ियाँ जलीं, बन चली राख,
पड़ी हवनकुंड में, कह रही जिजीविषा,
रहूँ कब तक, मैं प्रतीक्षारत!

युग बीता, न बीती इक प्रतीक्षा.....

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 12 October 2019

नदी किनारे

डूब कर खिलते हैं, कुछ फूल, नदी किनारे,
सूख कर बिखरते हैं धूल, नदी किनारे।

एक विरोधाभास, दो मनोभाव,
एक निरंतर बहती नदी, दो प्रभाव,
इच्छाओं से, जिजीविषा तक!
दो विपरीत कामनाएं, एक ही फैलाव,
सिमट आते हैं सारे, नदी किनारे!

जीवित है, धूल में इक आशा,
कभी तो, रीत जाएगी वो जरा सा,
नदी, खुद आएगी उस तक!
फूल सा, खिल जाएगी वो भीग कर!
धूप सहती है धूल, नदी किनारे!

सुदूर पड़ी, वो धूल हैं आकुल,
सदियों से, मन उनके हैं व्याकुल,
नदी, कब आएगी उस तक?
कब फूल, बन पाएंगी वो खिल कर?
पछताती वो धूल, नदी किनारे!

आश-निराश के, ये दो कण,
तृप्ति-अतृप्ति के, वो मौन क्षण,
पसरा, नदी का वो आँचल,
खामोश बहती, कल-कल सी जल,
चुप-चुप हैं सारे, नदी किनारे!

डूबकर खिलते हैं, कुछ फूल, नदी किनारे,
सूख कर बिखरते हैं धूल, नदी किनारे।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Wednesday 31 October 2018

स्वप्न

रातों के एकाकी क्षण में,
अतृप्त आवेगों से सुलगते वन में,
जगता है रोज ही कोई स्वप्न,
जगती है कोई तृष्णा,
जग जाता है इक अतृप्त जीवन,
इच्छाओं के फैलाए फन!

रात के ढ़ेर पर......
रोज ही जगते हैं सोये से वे क्षण,
सांसें भरता इक स्वप्न,
इक अतृप्त सी जिजीविषा,
एक मृगतृष्णा,
जागी सी अनन्त सुसुप्त इच्छाएं,
करवट लेता हरक्षण,
स्वप्न में विघटित होता मन!

इच्छाओं के संग.....
व्याकुल हो उठते सोये से वे क्षण,
चल पड़ती है रात,
अनन्त टूटे प्यालों के साथ,
अनबुझ सी प्यास,
मन में पनपती इक अकुलाहट,
बेचैनी प्रतिक्षण,
स्वप्न में शिथिल पड़ता तन!

स्वप्न के टीले पर...
तृष्णाओं के संग सोए से वे क्षण,
जागृत अन्तःमन,
पिरोता हो कई चाह अनंत,
आस में कस्तूरी के,
जैसे मृग भटकता हो वन-वन,
अदृश्य दिग्दिगंत,
स्वप्न में अतृप्ति के ये क्षण!

रातों के एकाकी क्षण में,
अतृप्त आवेगों से सुलगते वन में,
जगता है रोज ही कोई स्वप्न,
जगती है कोई तृष्णा,
जग जाता है इक अतृप्त जीवन,
इच्छाओं के फैलाए फन!