Showing posts with label भूल. Show all posts
Showing posts with label भूल. Show all posts

Sunday 21 July 2019

मैला मन

मैला ये तन ही क्यूं?
शायद!
ये अभिमानी मन भी हो!

वहम है या इक भ्रम है, हर इक मन,
है श्रेष्ठ वही इक, बाकि सारे हैं धूल-कण,
भूला है, शायद इस भूल-भुलावे में,
ये अभिमानी मन!

माटी के पुतले हम, है माटी का तन,
गुण-अवगुण दोनों, हैं गुंधे माटी के संग,
न जाने, फिर पलता किस भ्रम में,
ये अभिमानी मन!

कर के लाख जतन, साफ किए तन,
दोषी है खुद, पर करता है दोषा-रोपण,
झांके ना, खुद को ही इस दर्पण में,
ये अभिमानी मन!

औरों की गलती पर, हँसता है जग,
भूल करे जब खुद, होता है राग अलग,
न जाने, भटका किस संगत में,
ये अभिमानी मन!

भ्रम में तन ही क्यूं?
शायद!
ये अभिमानी मन भी हो!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Saturday 1 April 2017

अंजाने में तुम बिन

अंजाने में कुछ पल को यदि तुम्हे भूल भी पाता मैं .....!

खुद ही खुद अकेलेपन में फिर क्या गुनगुनाता मैं!
समय की बहती धार में क्या उल्टा तैर पाता मैं?
क्या दिन को दिन, या रात को रात कभी कह पाता मैं?
अपने साये को भी क्या अपना कह पाता मै?

अंजाने में कुछ पल को यदि तुम्हे भूल भी पाता मैं .....!

सितारों से बींधे आकाश की क्या सैर कर पाता मैं?
सहरा की सघन धूप को क्या सह पाता मैं!
क्या अपने होने, न होने का एहसास भी कर पाता मैं?
अपने जीवित रहने की वजह क्या ढूढता मैं?

अंजाने में कुछ पल को यदि तुम्हे भूल भी पाता मैं .....!

उन लम्हों की दिशाएँ फिर किस तरफ मोड़ता मैं?
देती हैं जो सदाएँ वो पल कहाँ छोड़ता मैं?
क्या उन उजली यादों से इतर मुँह भी मोड़ पाता मैं?
अपने अन्दर छुपे तेरे साए को कहाँ रखता मैं?

अंजाने में कुछ पल को यदि तुम्हे भूल भी पाता मैं .....!

Sunday 13 November 2016

शायद

भूल जाना तुम, वो शिकवे-शिकायतों के पल....

शायद! इक भूल ही थी वो मेरी!
सोचता था कि मैं जानता हूँ खूब तुमको,
पर कुछ भी बाकी न अब कहने को,
न सुनने को ही कुछ अब रह गया है जब,
लौट आया हूँ मैं अपने घर को अब!

शायद! यूँ ही थी वो मुस्कराहटें!
खिल आई थी जो अचानक उन होंठो पे,
कुछ सदाएँ गूँजे थे यूँ ही कानों में,
याद करने को न शेष कुछ भी रह गया है जब,
क्या पता तुम कहाँ और मैं कहाँ हूँ अब!

शायद! वो एक सुंदर सपन हो मेरा!
जरा सा छू देने से, कांपती थी तुम्हारी काया  ,
एक स्पर्श से सिहरता था अस्तित्व मेरा,
स्थूल सा हो चुका है अंग-प्रत्यंग देह का जब,
जग चुका मैं उस मीठी नींद से अब!

शायद! गुम गई हों याददाश्त मेरी!
या फिर! शब्दों में मेरे न रह गई हो वो कशिश,
या दूर चलते हुए, विरानों में आ फसे हैं हम,
या विशाल जंगल, जहाँ धूप भी न आती हो अब,
शून्य की ओर मन ये देखता है अब!

शायद! छू लें कभी उस एहसास को हम!
पर भूल जाना तुम, वो शिकवे- शिकायतों के पल....
याद रखना तुम, बस मिलन के वो दो पल,
जिसमें विदाई का शब्द हमने नहीं लिखे थे तब,
दफनाया है खुद को मैने वहीं पे अब!

भूल जाना तुम, वो शिकवे- शिकायतों के पल....

Friday 1 April 2016

स्वार्थ का स्नेह

स्वार्थ सिद्ध कर पुकार अनसुनी वो करते रहे,
पुकारता रहा फिर मैं, पर आवाज सुन भी न वो सके!

जान कर भी अंजान से बने रहे वो,
परवाह स्नेह की तनिक भी कर न सके वो,
बेपरवाह अल्हर मगरूर से बड़े वो,
कत्ल की फितरत उनकी, धोखे से बने वो।

पुकारता रहा मैं, पर आवाज सुन भी न सके वो!

हर वक्त भूले भूले से लगते रहे वो,
हर कदम अंजान बनने की कोशिश में वो,
स्वार्थ की सीमा से अधिक स्वार्थी वो,
खोट नियत में उनकी, स्नेह का पर्दा किए वो।

पुकारता रहा मैं, पर आवाज सुन भी न सके वो!

असंख्य झूठ के ढ़ेर पर चढ़ते रहे वो,
कई बार झूठ ही अबतक सबसे कहते रहे वो,
फरेब की चाल नित नए चलते रहे वो,
झूठ नियत में उनकी, सच का झंडा लिए वो।

पुकारता रहा मैं, पर आवाज सुन भी न सके वो!

एतबार बातों पे उनकी हम करते ही रहे,
दौड़ गली के उनकी लगाते हम रहे,
मतलबों के वक्त साथ वो मेरे चलते रहे,
मतलब निकल गई तो अंजान से वो हो लिए।

पुकारता रहा मैं, पर आवाज अनसुनी वो करते रहे!

Wednesday 3 February 2016

निज भूल

सन्निकट देख एकाकीपन,
सुनके रात्रितम के कठोर स्वर,
महसूस कुृछ हो रहा मन को।

इक मूरत थी मेरे हाथों मे,
सुन्दर, कोमल और प्रखर,
निःश्वास भरती थी वो रंग कई,
मेरे सूने एकाकीपन में।

कहीं छूटा है हाथों से मेरे,
या खुद ही टूटा उधेरबुन में मेरे,
इक मूरत थी जो मेरे हाथों मे।

मैं अग्यानी समझ न पाया,
कोमलता उसकी परख न पाया,
स्वार्थ मेरा वो रूठा मुझसे।

निज भूल की ही परिणति शायद,
स्नेह अमृत का वो मधुर प्याला,
खुद ही टूटा मेरे हाथों से।