Showing posts with label राग. Show all posts
Showing posts with label राग. Show all posts

Wednesday 15 January 2020

वो भोर नहीं

कुम्हलाए सूरज में, वो भोर नहीं अब,
अंधेरी रातों का, छोर नहीं अब!
नमीं आ जमीं, या पिघल रहा वो सूरज,
खिली सुबह का, दौर नहीं अब!

झुकते पर्वत पे, बादल और नहीं अब,
उड़ते बादल के, ठौर नहीं अब!
लदी बूँदों से घन, जली वो मन ही मन,
करता क्यूँ कोई, गौर नहीं अब!

चहकते चिड़ियों में, वो शोर नहीं अब,
भौंरे कलियों पे, और नहीं अब!
बदली है फ़िजा, बदल चुका वो सूरज,
बहते झरनों का, शोर नहीं अब!

धधकता ही नहीं, क्या आग सीने में!
राख ही बचा, क्या अब जीने में!
धूल-धूसरित या मुर्छित हुआ वो सूरज,
अंधेरी रातों का, अंत नहीं अब!

खोया भोर कहीं, उन्ही अंधियारों में!
सूरज वो खोया, शायद तारों में,
लपटें नहीं उठती, अब उन अंगारों में, 
चम-चमाता वो, भोर नहीं अब!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 11 March 2018

विलम्बित लय

मन के निलय, इक ख्याल, इक विलम्बित लय....

विचरते मन में ख्याल कई,
धुन कई, पर लय ताल एक ही!
ख्यालों में दिखती इक तस्वीर वही,
जैसे वो हो चित्रकला कोई,
नाजों से गढी, खूबसूरत बला कोई,
वहीं ठहर गई हो जैसे मन की द्रुत गति,
अब लय विलम्बित वही....

मन के निलय, इक ख्याल, इक विलम्बित लय....

मन का अवलम्बन या वीतराग,
विलम्बित लय में मन का द्रुत राग,
दीवारों पर टंगी वो चंचल सी तस्वीर,
इकटक खामोशी तोड़ती हुई,
निलय में गूंजती विलम्बित गीत वही,
धड़कन में बजती अब धीमी संगीत वही,
अब अनुराग विलंम्बित वही....

मन के निलय, इक ख्याल, इक विलम्बित लय....

बंदिश का मनमोहक विस्तार,
आलाप, स्वर, तान का नव विहार,
शमाँ बाँधती विलंबित स्वर की बंदिश,
मूर्त होती वो चित्रकला कोई,
अलवेला रूप सुहावन हो जैसे कोई,
हृदयपटल पर बंदिशें अंकित करती हुई,
अब ख्याल विलंम्बित वही....

मन के निलय, इक ख्याल, इक विलम्बित लय....

Monday 25 December 2017

क्षणिक अनुराग

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

दो छंदों का यह कैसा राग?
न आरोह, न अनुतान, न आलाप,
बस आँसू और विलाप.....
ज्यूँ तपती धरती पर,
छन से उड़ जाती हों बूंदें बनकर भाफ,
बस तपन और संताप....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

गीत अधुरी क्यूँ उसने गाई,
दया तनिक भी फूलों पर न आई,
वो ले उड़ा पराग....
लिया प्रेम, दिया बैराग,
ओ हरजाई, सुलगाई तूने क्यूँ ये आग?
बस मन का वीतराग.....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

सूना है अब मन का तड़ाग,
छेड़ा है उस बैरी ने यह कैसा राग!
सुर विहीन आलाप....
बे राग, प्रीत से विराग,
छम छम पायल भी करती है विलाप,
बस विरह का सुहाग.....
यह कैसा राग-विहाग, यह कैसा अनुराग?

कर क्षणिक अनुराग, वो भँवरा ले उड़ा पराग....

Thursday 21 April 2016

मन में प्रतीक्षा के ये पल

साँसे लेती रहें सदा, प्रतीक्षा के ये पल मन में!

सुन ओ मीत मेरी,
प्रतीक्षा की उन्मादित पल के,
गीत वही फिर गाता है मन,
तेरी कल्पित मधुर प्रतीक्षा के।

गीत गाती रहें सदा, प्रतीक्षा के ये पल मन में!

सिहरन बिजुरी सी,
कैसी प्रतीक्षा की इस क्षण में,
ये राग बज रहे विषम,
आस-निराश की उलझन में।

सुलगती रहें सदा, प्रतीक्षा के ये पल मन में!

प्रतीक्षा की ये घड़ियाँ,
होते मादक मिलन के पल से,
तरंग पल-पल उठते,
सिहरित आशा की आँगन में।

तरंगित होती रहें सदा, प्रतीक्षा के ये पल मन में!

ओ मेरे प्रतीक्षित मीत,
प्रतीक्षा की पल को तु कर दे विस्तृत,
धुन वही एक तेरी होती रहें तरंगित,
पलकें बिछ जाएँ बस इक तेरी आशा में।

साँसे लेती रहें सदा, प्रतीक्षा के ये पल मन में!