Showing posts with label सदाएं. Show all posts
Showing posts with label सदाएं. Show all posts

Saturday 12 February 2022

आवाज

कल, कहीं, किस्सों में मिलूंगा,
किधर, न जाने, कितने हिस्सों में बटूंगा,
आज, पुरकशिश, इक आवाज़ हूँ,
सुन लो, धड़कता साज हूँ!

भटक कर रह गई, कहीं, कितनी आवाजें,
सुनता कौन, उनकी गुजारिशें,
बेअसर, लौट आईं कभी, उभरती गूंज बनकर,
कभी, दब कर रह गईं, इक आह बनकर,
पिरोए, एहसास कितने, आज हूँ,
सुन लो, तड़पता साज हूँ!

गूंज वो ही, रखे हैं, चंद शब्दों में पिरोकर,
उभर आते, गीतों में वो अक्सर,
वो ही, बन चले हैं, गुजरते वक्त के हमसफर,
सांझ जो, ढ़ल न पाए, इक रात बनकर,
उस, ठहरे सांझ का अल्फ़ाज़ हूँ,
सुन लो, बिखरता साज हूँ!

जाओगे जिधर, बुलाएंगी, वो ही सदाएं,
अक्सर, राह वो ही, टोक जाएं,
कस्तियां, मुड़ ही जाएंगी, किनारा हो जिधर, 
ये आवाज, कभी कर ही जाएंगी असर,
लिखूं शिलाओं पर, संगतराश हूँ,
सुन लो, बहकता साज हूँ!

इस धार में, बह, जाऊं किधर,
समय के मझधार में, रह, जाऊं किधर,
अनसुना अब तलक, वो राज हूँ,
सुन लो, धड़कता साज हूँ!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Monday 31 August 2020

रुक जरा

पल भर को, रुक जरा, ऐ मेरे मन यहाँ,
चुन लूँ, जरा ये खामोशियाँ!

चुप-चुप, ये गुनगुनाता है कौन?
हलकी सी इक सदा, दिए जाता है कौन?
बिखरा सा, ये गीत है!
कोई अनसुना सा, ये संगीत है!
है किसकी ये अठखेलियाँ,
कौन, न जाने यहाँ!

पल भर को, रुक जरा, ऐ मेरे मन यहाँ,
चुन लूँ, जरा ये खामोशियाँ!

उनींदी सी हैं, किसकी पलक?
मूक पर्वत, यूँ निहारती है क्यूँ निष्पलक?
विहँस रहा, क्यूँ फलक?
छुपाए कोई, इक गहरा सा राज है!
कौन सी, वो गूढ़ बात है?
जान लूँ, मैं जरा!

पल भर को, रुक जरा, ऐ मेरे मन यहाँ,
चुन लूँ, जरा ये खामोशियाँ!

कोई लिख रहा, गीत प्यार के!
यूँ हवा ना झूमती, प्रणय संग मल्हार के?
सिहरते, न यूँ तनबदन!
लरजते न यूँ, भीगी पत्तियों के बदन!
यूँ ना डोलती, ये डालियाँ!
कैसी ये खामोशियाँ!

पल भर को, रुक जरा, ऐ मेरे मन यहाँ,
चुन लूँ, जरा ये खामोशियाँ!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Thursday 25 October 2018

श्वेत-श्याम

होने लगी है, श्वेत-श्याम अब ये शाम,
लगने लगी है, इक अजनबी सी अब ये शाम....

इक गगन था पास मेरे.....
विस्तार लिए, भुजाओं का हार लिए,
लोहित शाम, हर बार लिए,
रंगो की फुहार, चंचल सी सदाएं,
वो सरसराहट, उनके आने की आहट,
पहचानी सी कोई परछांईं,
थी हर एक शाम, इक पुकार लिए.....

हो चला अब, बेरंग सा वो ही गगन,
होने लगी अब, श्वेत-श्याम हर एक शाम....

इक गगन अब पास मेरे.....
निस्तेज सा, संकुचित विस्तार लिए,
श्वेत श्याम सा उपहार लिए,
धुंध में घिरी, संकुचित सी दिशाएं,
न कोई दस्तक, न आने की कोई आहट,
अंजानी सी कई परछांई,
बेरंग सी ये शाम, उनकी पुकार लिए.....

मलीन रंग  लिए, तंज कसती ये शाम,
लगने लगी है, इक अजनबी सी अब ये शाम....

Wednesday 22 August 2018

अब कहाँ कोई सदा

अब कहाँ है कोई सदा, जो फिर से पुकारता.....

वो मृदु भाव कहाँ,
है कहाँ अब वो मृदुल कंठ,
पुकार ले जो स्नेह से,
है कहाँ अब वो कोकिल से कंठ...

वो सुख-चैन कहाँ,
कहाँ है अब वो सुखद आँखें,
मुड़कर जो दे सदाएं,
है कहाँ अब वो बोलती निगाहें...

अब वो नैन कहाँ,
जो पिघला दे रीतकर पत्थर,
कर जाए भाव प्रवण,
है कहाँ अब वो भाव निर्झर...

अब न है वो सदाएं,
सूनी सी है अब मेरी पनाहें,
है सुनसान सा वो डगर,
और है उधर ही मेरी निगाहें....

वियावान हुई हैं राहें!
या, वो आवाज है बेअसर!
मन कलपता है कहीं!
या मन बन चुका है पत्थर...

अब कहाँ है कोई सदा, जो फिर से पुकारता.....