Thursday 3 March 2016

अकस्मात् ही

कुछ मन की खुशी, अकस्मात् मिली यूँ,
रेत भीग गई हो कहीं, रेगिस्तान में  ज्यूँ,
जैसे जून में जमकर बरसी है बारिश यूँ,
कौंध गया है मन जैसे ठंढ़ी फुहार में यूँ।

हठात् मिल जाता है जब मनचाहा कोई,
खुशी मिलन की तब हो जाती है दोगुनी,
अकस्मात् बिछड़े जब, मिल जाते कहीं,
जीने की चाहत तब, बढ़ जाती और भी।

बिजली कौंधती बारिश मे अकस्मात् ही,
बूंद बनती है मोती सीप में अकस्मात् ही,
आसमान मे छाते हैं बादल अकस्मात् ही,
दो दिल मिलते हैं जीवन में अकस्मात ही।

पल पल की ये खुशियाँ जीवन की निधि,
हर पल जीवन जीने की देती है ये शक्ति,
अकस्मात् गले किसी को लगा लो अभी,
मंत्र शायद खुश रहने का जीवन में यही।




Wednesday 2 March 2016

गरीब होना क्या गुनाह?

कोई बताए! गुनाह है क्या गरीब होना भी?

चीथडों में लिपटा है इक गरीब,
क्या पाया है उसने भी नसीब ?
मिला उसको भी  हैै एक शरीर,
कहलाता वो भी है इक इंसान।

मानव श्रृंखला की वो इक कड़ी,
श्रृंखला ये उसके बिन पूरी नहीं,
नंगा वो,पर है अहमियत उसकी,
गरीब मर जाना उसकी नियति?

सोचता हूँ,क्या जीवन है ये भी?
संवेदना गुम कहाँ इन्सानों की ?
विसंगति कैसी! ये श्रृंखला की?
गुनाह है! क्या  गरीब होना भी?

सोंचे क्या संवेदनशील इन्सान हैं आप भी?

बेगुनाह का गुनाह

अब गुनाहों का फैसला तो विधाता ही करेगा,
क्या सही? क्या गलत? तय बस वही करेगा!
हम तो बस तुच्छ इंसान क्या हमको दिखेगा?

जरूरतों से आगे सोच इंसान की जाती नहीं,
पग-पग लेती परीक्षा यहाँ जरूरतें जीवन की,
फुर्सत किसको गलत सही निर्णय करने की,
गुनाह होते हैं यहाँ कई बेगुनाहों के हाथों ही।

आग पेट की बुझाने को कोई छीन रहा रोटी,
कोई तन ढकने को कपड़ा छीनता किसी की,
बद से भी बदतर है , हालात यहाँ जीवन की,
बेगुनाह वो जरूरतमंद गुनाहगार हालात की।

अब इस गुनाह का फैसला विधाता ही करेगा,
क्या सही? क्या गलत? तय अब वही करेगा!
हम तो बस तुच्छ इंसान क्या हमको दिखेगा?

उपेक्षित मन

रखा था मैंनै सहेज कर मन को,
उस दरवाजे के पीछे लाल दराज में,
जाने कहाँ गुम आज सुबह से वो,
दिखाई देता नही क्या नाराज वो?

कुछ कहा सुनी हुई नही मन से,
जाने किसने छेड़ा आज उस मन को,
दुखा होगा शायद दिल उसका भी,
पहले तो ना था इतना नासाज वो!

कल जब की थी उससे मैने बातें,
तब खुश बड़ा दिख रहा था मन वो,
आज अचानक है बीती उसपे क्या?
बंद पड़ी आज क्यों आवाज वो?

मन का हृदय भी होता है शायद!
बात चुभी है क्या कोई उसको?
या फिर संवेदना जग गई है उसकी!
समझ सका नहीं मैं आवाज मन की?

जैसे तैसे रख छोड़ा था मैंने उसको ही,
लाल दराज के कोने मे दरवाजे के पीछे ही,
सुध मैने ही ली नही कभी उसकी,
उपेक्षा मेरे ही हाथों से हुई आज मन की?

ओह ये क्या? मन तो यहीं पड़ा है!
तकिए के नीचे शायद कुचल गया वो,
आवाज रूंध चुकी है थोड़ी उसकी,
कम हो रही रफ्तार मन के सांसों की!

मन तो है मतवाला करता अपने मन की,
मन की ना सुनो तो ये सुनता कहाँ किसी की,
मन दिखलाता आईना आपके जीवन की,
विकल होने पहले सुन लो तुम साज इस मन की!

Tuesday 1 March 2016

मेरी दुल्हन

सिहरित उल्लास सशंकित विश्वास उस दुल्हन की!

वो पहली झलक मेरे दुल्हन की,
सिन्दूरित मुख लाल सौम्य दैदिप्य सी,
खुशबु वो कच्ची कच्ची हल्दी सी,
हाथों में दूर मेंहदी की लाली सी,
मंजर ऐसी जैसे आम मंजराई सी|

सिहरित उल्लास सशंकित विश्वास उस दुल्हन की!

अलबेली झलक उस दुल्हन की,
खुद को खुद में ही जैसे सिमटाई सी,
सुध बुध खोई सिमटी शरमाई सी, 
आँचल के कोरों में वो लिपटी सी,
चाह मन की थोड़ी थोड़ी मंजराई सी|

सिहरित उल्लास सशंकित विश्वास उस दुल्हन की!

चेहरे पर उसके एक भाव डर की,
शंका दुविधा कैसी मन में गहराई सी,
उलझन के बादल मन पर छाई सी,
हृदय व्यथित, विचलित, घबराई सी,
आँखों में उसकी नव जीवन मंजराई सी|

सिहरित उल्लास सशंकित विश्वास उस दुल्हन की!

मोह भंग

मोह भंग हो चुका, अब जीने की तैयारी!

मोहिनी सूरत वो, मोहती मन जो,
जंजाल माया का हर लेती मन वो,
अंजान बंधन से कर देती विवश वो,
पर टूटा है अब मोह का पिंजड़ा वो|

मायावी हिरनी सी मोहलीला उसकी,
मोहपाश के वश में करती प्राण सबकी,
सींखचे इस पिंजड़े की बड़ी शख्त सी,
मोह बंधनों से दूर पर अब मैं मुक्त सी|

अनुबंध मोह की जीवन पर भारी,
शर्तें अनुबंध की जैेसे मरने की तैयारी,
मोहनी इन शर्तों की सूरत है न्यारी,
टूटे हैं वो शर्त जो जीवन पर हैं भारी|

मोह भंग हो चुका, अब जीने की तैयारी!

अक्सर वो एकाकीपन

अक्सर अन्त:मानस मे एकाकीपन की कसक सी,
अंतहीन अन्तर्द्वन्द अक्सर अन्तरआत्मा में पलती,
मानस पटल पर अक्सर एक एहसास दम तोड़ती|

अक्सर वो एकाकीपन बादल सा घिर आता मन में,
दर्द का अंतहीन एहसास अकसर तब होता मन मैं,
तप, साधना, योग धरी की धरी रह जाती जीवन में|

अक्सर रह जाते ये एहसास अनुत्तरित अनछुए से,
अंतहीन अनुभूति लहर बन उठती अक्सर मन से,
तब मेरा एकाकीपन अधीर हो कुछ कहता मुझसे|