Saturday 27 July 2024

पल

हँसते, गाते, कुम्हलाते,
कुछ पल, बस छलने को चल आते!

करती, उलझी सी कितनी बातें,
बेवश, लम्बी सी रातें,
ले कर सौगातें, तन्हाई की वो लम्हाते,
हम खुद को समझाते,
कुछ पल, बस छलने को चल आते!

हँसते, गाते, कुम्हलाते.....

दो वे पल, दो उस पल की बातें,
वो, किनको बतलाते,
मन के तहखाने, मन की, सारी बातें,
अनसुने ही रह जाते,
कुछ पल, बस छलने को चल आते!

हँसते, गाते, कुम्हलाते.....

पात-पात, पतझड़ में झर जाते,
दो पल, कुछ पछताते,
पल तीजे, डाल-डाल, फिर इठलाते,
पतझड़ तो यूं ही गाते,
कुछ पल, बस छलने को चल आते!

हँसते, गाते, कुम्हलाते,
कुछ पल, बस छलने को चल आते!

Wednesday 17 July 2024

अपनत्व

लगे वो अपने से, या वो, अपने ही थे!
या, थे वो सपने!

गूंथे वो एहसास, बींधे से ये साँस,
छलकी सी ये आँखें,
जागे ये पल, जागी सी रातें,
बंधा ये आस,
खाली ये पल, ऐसे ही तो न थे!

लगे वो अपने से, या वो, अपने ही थे!
या, थे वो सपने!

ये दूरियां, पर है वो हर पल यहां,
बंधता यादों का शमां,
फैलता गहराता घेरता धुआं,
नीला आसमां,
स्वप्निल ये पल, ऐसे ही तो न थे!

लगे वो अपने से, या वो, अपने ही थे!
या, थे वो सपने!

तोड़ते नीरवता, गूंजते उनके रव, 
स्वत्व को छोड़ता स्व,
हर तरफ वो, उनसे ही हर शै,
ये अपनत्व,
बंधते ये पल, ऐसे ही तो न थे!

लगे वो अपने से, या वो, अपने ही थे!
या, थे वो सपने!