Showing posts with label नववर्ष. Show all posts
Showing posts with label नववर्ष. Show all posts

Sunday 1 January 2023

नववर्ष २०२३

आया और इक नव-वर्ष,
और एक उत्कर्ष, 
चल कर लें स्वागत, सहर्ष!

रोका कितनों नें, 
डाले कितनों ने, रोड़े राहों में,
आए कितने ही दोराहे,
मुड़ आए, रस्ते सारे,
ले आए नव-वर्ष!

रुकते कब पग,
रोके, रुकते ना जन कलरव,
स्वागत का यह उत्सव,
स्मृतियों के, ये पल,
ले आए नव-वर्ष!

उर में, उल्लास,
मन में, इक मीठी सी प्यास,
होठों पर, इक नवहास,
चहुंओर नवविलास,
ले आए नव-वर्ष!

आया और इक नव-वर्ष,
और एक उत्कर्ष, 
चल कर लें स्वागत, सहर्ष!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 25 December 2021

निरंतर, एक वर्ष और

निरुत्तर करती रही, उसकी निरंतरता!
यूं वर्ष, एक और बीता,
बिन थके, परस्पर बढ़ चले कदम,
शून्य में, किसी गंतव्य की ओर,
बिना, कोई ठौर!
निरंतर, एक वर्ष और!

प्रारम्भ कहां, अन्त कहां, किसे पता?
यह युग, कितना बीता,
रख कर, कितने जख्मों पे मरहम,
गहन निराशा के, कितने मोड़,
सारे, पीछे छोड़!
निरंतर, एक वर्ष और!

ढ़ूंढ़े सब, पंछी की, कलरव का पता?
पानी का, बहता सोता,
जागे से, बहती नदियों का संगम,
सागर के तट, लहरों का शोर,
गुंजित, इक मोड़!
निरंतर, एक वर्ष और!

निरुत्तर मैं खड़ा, यूं बस रहा देखता!
ज्यूं, भ्रमित कोई श्रोता,
सुनता हो, उन झरनों की सरगम,
तकता हो इक टक उस ओर,
अति-रंजित, छोर!
निरंतर, एक वर्ष और!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Wednesday 30 December 2020

ओ तथागत-2020

ओ तथागत!

प्रतिक्षण, थी तेरी ही, इक प्रतीक्षा!
जबकि, मैं, बेहद खुश था,
नववर्ष की, नूतन सी आहट पर,
उसी, कोमल तरुणाहट पर!

गुजरा वो, क्षण भी! तुम आए...
ओ तथागत!

कितने कसीदे, पढ़े स्वागत में तेरी!
मान-मनौवल, आवभगत,
जैसे कि, तुम थे कोई अभ्यागत,
पर, तुम तो बिसार चले हो!

गुजरा वो, क्षण भी! तुम चले...
ओ तथागत!

बड़ी खोखली, पाई तेरी ही झोली!
जाते-जाते, ले गए तुम,
मेरी ही, तरुणाई के इक साल!
और, छोड़ गए हो तन्हा!

ओ तथागत!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 31 December 2019

नववर्ष 2020: एक विचार

प्रिय पाठकगण...

मन थोड़ा भावुक भी है और एक खुशनुमा अनुभव भी महसूस कर रहा हूँ इस वक्त। एक वर्ष, जो हर लम्हा हमारे साथ जिया, खामोशी से अलविदा कहने वाला है ।

बात करूँ, या यूँ खामोश रहूँ?
दरिया था, चुपचाप उसे था बह जाना,
ओढ़ी थी, उसने भी खामोशी,
बंदिशों में, मुश्किल था बंध जाना,
बीत चला, यूँ वर्ष पुराना!

लेकिन, उसकी खामोशी में हमने समाज की कटु विसंगतियों पर दर्द भी महसूस किया है। साथ ही, बहुत सारी उपलब्धियां हमें गर्वान्वित भी कर गई हैं । काश, ये सामाजिक विसंंगतियां हमें शर्मसार न करती।

कब होता है सब वैसा, चाहे जैसा ये मन,
वश में नही होते, ये आकाश, ये घन,
मुड़ जाए कहीं, उड़ जाए कहीं, पड़ जाए कहीं!
सोचें कितना कुछ, हो जाता है कुछ,
उग आते हैं मन में, फिर ये, काश के वन!

काश, हम थोड़ा और धनात्मक हो जाएँ नए वर्ष में और हमारा नजरिया सिर्फ अपना सर्वश्रेेष्ठ देने और सर्वश्रेष्ठ हासिल करने की हो । 

महसूस हो रहा है जैसे ये नया साल, मुस्कुराहट लेकर आनेवाला है।

किसकी है मुस्कुराहट, ये कैसी है आहट!
छेड़े है कोई सरगम, या है इक सुगबुगाहट!
चौंकता हूँ, सुन पत्तियों की सरसराहट!
सुनता हूँ फिर, अंजानी सी आहट!
खुली सी पलकें, हैं मेरी आज!
लगे तन्हाईयों में, कहीं बज रहे हैं साज!
मुस्कुराहटों के, बदले हैं अंदाज!

एक नव-आगन्तुक की तरह, वर्ष 2020 दहलीज लांघने को तैयार है। आइए, सब मिलकर इसका स्वागत करें ।

नव-वर्ष की अग्रिम शुभकामनाओं सहित आप सभी का।   पुरुषोत्तम ।।।।।।।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
31.12.2019

Tuesday 24 December 2019

नया इक वर्ष

हर नई सुबह, नए किरण, सूरज लाएगा,
नव रंगों में, ढ़ल क्षितिज,
नव-सवेरा, लाएगा,
नव आश, नव प्राण, नया वर्ष है लाया!

विषाद हुआ या हर्ष, बीत चला इक वर्ष,
नव अवसर, यह ले आया,
मना लो, खुशियाँ,
इक नव-विहान, इक नया वर्ष है आया!

चमक उठी गलियाँ, छूटी हैं फुलझड़ियाँ,
खिल उठी हैं, ये कलियाँ,
गा उठे, पंछी सारे,
लेकर नव सौगात, नया वर्ष है आया!

जो हैं तृष्णा के मारे, हैं जो खुद से हारे,
क्या बदलेगे, वो बेचारे?
जागेंगे, वो सतर्ष?
संभावनाएं अपार, नया वर्ष है लाया!

जगाएगी ये प्यास, तू करले कुछ प्रयास,
कर स्वीकार, हार सहर्ष,
शुरू कर, नव-संघर्ष,
तज मन के विषाद, नया वर्ष है आया!

अचम्भित हूँ, देख कर इनकी निरंतरता,
अंतहीन पथ, यह चलता,
बिन थके, बिन रुके,
मन में प्रवेश किए, नया वर्ष है आया!

मन के पार, वो दस्तक दे रहा द्वार-द्वार,
वो कहता, जी ले हर पल,
राह नई, इक चल,
खुद को ले पहचान, नया वर्ष है आया!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

नववर्ष 2020  की शुभकामनाओं सहित

Tuesday 4 December 2018

बीता कौन, वर्ष या तुम

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

कुछ पल मेरे दामन से छीनकर,
स्मृतियों की कितनी ही मिश्रित सौगातें देकर,
समय से आँख मिचौली करता,
बीत चुका, और एक वर्ष....
एक यक्ष प्रश्न मेरे ही सम्मुख रखकर!

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

या बीता है कोई सुंदर सा स्वप्न,
या स्थायित्व का भास देता, कोई प्रशस्त भ्रम,
देकर किसी छाया सी शीतलता,
बीत चुका, और एक वर्ष....
अनसुलझे प्रश्न मेरे ही सम्मुख रखकर!

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

या यथार्थ से सुंदर था वो भ्रम,
या अंधे हो चले थे, उस माधूर्य सौन्दर्य में हम,
यूँ ही चलते आहिस्ता-आहिस्ता,
बीत चुका, और एक वर्ष....
क्रमबद्ध ये प्रश्न मेरे ही सम्मुख रखकर!

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

या प्रकृति फिर लेगी पुनर्जन्म,
या बदलेंगे, रात के अवसाद और दिन के गम,
यूँ ही पुकार कर अलविदा कहता,
बीत चुका, और एक वर्ष....
अनबुझ से प्रश्न मेरे ही सम्मुख रखकर!

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

फिर सोचता हूँ ....
क्रम बद्ध है - पहले आना, फिर जाना,
फिर से लौट आने के लिये .....
कुदरत ने दिया, आने जाने का ये सिलसिला,
ये पुनर्जन्म, इक चक्र है प्रकृति का,
अवसाद क्या जो रात हुई, विषाद क्या जो दिन ढला?

गर मानो तो....
बड़ी ही बेरहम, खुदगर्ज,चालबाज़ है ये ज़िदंगी,
भूल जाती है बड़ी आसानी से,
पुराने अहसासों, रिश्तों और किये वादों को,
निरन्तर बढ़ती चली जाती है आगे..
यूँ बीत चुका, और एक वर्ष....
शायद, कुछ वरक हमारे ही उतारकर!

बीता है आखिर कौन? क्या समय? या तुम?

Thursday 16 November 2017

बदल रहा ये साल

युग का जुआ कांधे देकर, बदल रहा ये साल...

यादों के कितने ही लम्हे देकर,
अनुभव के कितने ही किस्से कहकर,
पल कितने ही अवसर के देकर,
थोड़ी सी मेरी तरुणाई लेकर,
कांधे जिम्मेदारी रखकर, बदल रहा ये साल...

प्रशस्त प्रगति के पथ देकर,
रोड़े-बाधाओं को कुछ समतल कर,
काम अधूरे से बहुतेरे रखकर,
निरंतर बढ़ने को कहकर,
युग का जुआ कांधे देकर, बदल रहा ये साल...

अपनों से अपनों को छीनकर,
साँसों की घड़ियों को कुछ गिनकर,
पीढी की नई श्रृंखला रचकर,
जन्म नए से युग को देकर,
सारथी युग का बनाकर, बदल रहा ये साल....

नव ऊर्जा बाहुओं में भरकर,
कीर्तिमान नए रचने को कहकर,
लक्ष्य महान राहों में रखकर,
आँखों में नए सपने देकर,
विकास पुरोधा बनकर, बदल रहा ये साल...

प्रस्तावों की इक सूची देकर,
मंत्र नए सबके कानों में कहकर,
अपनी मांग नई कुछ रखकर,
प्रण जन-जन से लेकर,
कुछ लेकर कुछ देकर, बदल रहा ये साल.....
---------------------------------------------------------
Accolade from "शब्दनगरी" / 17.11.2017
"बधाई हो! आपका लेख आज की सर्वश्रेष्ठ रचना के रूप में चयनित हुआ है"
हृदय तल से धन्यवाद शब्दनगरी....

Saturday 31 December 2016

गतवर्ष-नववर्ष

बीत चला है अब गतवर्ष,
कितने ही मिश्रित अनुभव देकर,
आश-निराश के पल कितने ही,
ले चला वो दामन में अपनी समेटकर।

जा रहा वो हमसे दूर कही,
फिर ना वापस आने को,
याद दिलाएगा हरपल अपनी वो,
बीते लम्हों की भीनी सी सौगातें देकर।

रुनझुन करती आई थी वो,
पहलू में हर जीवन के संग खेली वो,
कहीं रंगोली तो कहीं ठिठोली,
कितने ही रंगों संग हो ली वो हँसकर।

सपने कितने ही टूटते देखे उसने,
अपनों का संग कितने ही छूटते देखे उसने,
पर निराश हुआ ना पलभर को भी वो,
नवजीवन ले झूमा फिर वो आशा की थुन पर।

अब गले लगाकर नववर्ष का,
सहर्ष स्वागत कर रहा है गतवर्ष,
विदाई की वेला में झूम रहा वो,
कितने ही नव अरमानों को जन्म देकर।

Friday 1 January 2016

नववर्ष पर छोटी सी कामना!

नववर्ष पर छोटी सी कामना!

नव-प्रभात मिले नव-ऊर्जा,
नव प्रेरणा जगे नव चेतना, 
नवधारणा उपजे नवकामना,
नवदृष्टि खिले नित्य-नवपटल, 
नव-आकाश फैले नव-प्रकाश, 
नववर्ष,नवचाह, नव हो जीवन।

नव ल्क्ष्य मिले नवशिखर,
नव आशा मिले नवविहान,
नव तपस्या ले नव साधना,
नव धैर्य मिले नव प्रेरणा,
नव लगन मिले नव चेतना,
नववर्ष,नवचाह, हो नवजीवन।

नव प्रकाश, नव आकाश,
नव विश्वास नव उल्लास,
नव हिमम्त जगे नव आस,
नव विचार के नव निर्झर,
नव प्रणाम मिले नव आशीष।
नववर्ष,नवसंघर्ष,नव हो जीवन।

नववर्ष पर छोटी सी कामना!

Wednesday 30 December 2015

नववर्ष 2016 की शुभकामनाएँ

नववर्ष ले आया नवविहन,
       जागे हैं फिर नए अरमान,
              उपजी है फिर नई आशाएँ,
                    तू इन आशाओं के संग तो हो ले।

वर्ष नया है प्रारंभ नई है,
       दिवस नया है प्रहर नई है,
                हर चिन्ताओं को तज पीछे,
                       तू इक नई उड़ान तो भर ले।

निराशा के घनघोर अंधेरे,
         अब रह गए हैं पीछे तेरे,
                सामने खड़ा एक नया लक्ष्य है,
                        तू इन लक्ष्यों के संग तो हो ले।

             (हमारे समस्त पाठको को नववर्ष 2016 की 
                       असीम प्रेरक शुभकामनाएँ)

Monday 28 December 2015

क्या बीते वर्ष मिला मुझको

पथ पर ठहर मन ये सोचे,
क्या बीते वर्ष मिला है मुझको।

चिरबंथन का मधुर क्रंदन या
लघु मधुकण के मौन आँसू।

स्वच्छंद नीला विशाल आकाश या
अनंत नभमंडल पर अंकित तारे।

चिन्ता, जलन, पीड़ा सदियों का या,
दो चार बूँद प्यार की मधुमास।

अवसाद मे डूबा व्यथित मन या
निज जन के विछोह की अमिट पीड़ा।

मौन होकर ठहर फिर सोचता मन,
क्या बीते वर्ष मिला है मुझको।