Saturday 23 March 2024

वो कौन

वो कौन, छेड़े है मन वीणा के तार,
गा उठा धुन कोई नया,
ये जर्जर सितार!

वो कौन, जो पहले, स्वप्न सा आया,
फिर, पलकों में समाया,
इंद्रधनुष सी, कैसी, वो परछाईं,
छुई-मुई सी, मुरझाई,
है वो कोई भरम, टूटे जो पल-पल,
कैसा वहम, छूटे ना इक पल!

वो कौन..

मन की जमीं पे, वृक्ष सा वो उभरा,
बसंत सा वो जैसे संवरा,
नृत्य कर उठे, मृदु वे पात-दल,
हर ओर, जैसे हलचल,
दो नैन जैसे, झांकते हों हर-पल,
घेरे वे ही, एहसास पल-पल!

वो कौन..

आए चलकर, उतर कर बादलों से,
झांके छुपके, आंचलों से,
हृदय, धुन इक उसी की सुनाए,
सुनहरे गीत कोई गाए,
आज लय पर, थिरकते वे बादल,
गाने लगे हैं, संगीत कलकल!

वो कौन, छेड़े है मन वीणा के तार,
गा उठा धुन कोई नया,
ये जर्जर सितार!

Wednesday 13 March 2024

यूं हँसो तुम

यूं हँसो तुम, और बंद हो जाएं पलकें,
कहीं तुम रहो, हम आएं चलके!

हो मद्धम सी चांदनी, और मुस्कुराओ तुम,
दूं मैं सदा, और, आ जाओ तुम,
और, बीते ये पल, ये समय, तेरे संग,
हल्के हल्के!

यूं हँसो तुम, और बंद हो जाएं पलकें...

कहीं हो ना जाए जुदा, वक्त से, ये परछाईं,
कहीं कर न दे, वक्त ये रुसवाई,
चलो, संग हम चले, कहीं वक्त से परे,
बहके-बहके!

यूं हँसो तुम, और बंद हो जाएं पलकें...

इस मझधार में, बह चले इक धार सा हम,
इस कश्ती में, पतवार सा हम,
दो किनारों से अलग, बह जाए कहीं,
छलके छलके!

यूं हँसो तुम, और बंद हो जाएं पलकें,
कहीं तुम रहो, हम आएं चलके!

Saturday 2 March 2024

वश में कहां

वश में कहां, जो सांझ होते ही, लौट आते!

गुजरा, वो इक सदी हूँ,
जो, सूख चली, वो इक नदी हूँ,
कल के, किसी छोड़ पर,
फिर मिल ना सकूं, गर, किसी मोड़ पर,
न होना परेशां!
सोच लेना, 
खामोश हो चली, वो सदाएं,
गुजर चला, वो कारवां,
रुक चली, रवानियां!

वश में कहां, जो सांझ होते ही, लौट आते!

धीर, मन पे रखना,
तीर उस नदी के, चुप ही रहना,
बीते, वो वक्त के सरमाए,
न होगा कोई वहां, सुने जो तेरी सदाएं,
वो खुद बेनिशां!
जान लेना,
फिर ना भीगेगा, ये किनारा,
दूर बह चली, वो धारा,
गुजर चली, बतियां!

वश में कहां, जो सांझ होते ही, लौट आते!

वक्त ही छीन लेता,
वो तन्हाई, फुर्सत के वो लम्हाते,
कम्पित, जीवन के पल,
वो सांसें, वो सौगातें, वक्त ही जो देता,
खुद, बे-आशियां!
मान लेना,
उजारा, उसने ही आशियां,
लूटी, उसने ही दुनियां,
रुक चला, कारवां!

वश में कहां, जो सांझ होते ही, लौट आते!