Tuesday 30 November 2021

जीवंतता

चाहा, रोक लूं पवन को, शाख बन कर,
रख लूं, यूं ही कहीं, हाथ धर कर!

पर वो, इक क्षणिक बुलबुला,
चंचल चित्त, चंचला,
निराश मन, पर छोड़े कहां, आस मन,
न तोड़े, कल्पना, 
न चाहे, इक पल भूलना,
न देखे, रात-दिन!
चाहा रोक लूं, पवन को, शाख बन कर!

अनन्त राह, अलग ही, प्रवाह,
इक, अलग ही चाह,
निरंतर, इक दिशा लपक जाए पवन,
ना करे, परवाह,
ना ही धरे, वो बाँह कोई,
खुद में ही, खोई!
कैसे रोक लूं, पवन को, शाख बन कर!

यूं, गति ही, उसकी जीवंतता,
गति, एक विवशता,
जड़ जाए, जड़ता में, कैसे वो जीवंत!
एक कोरी कल्पना,
पलकों में, ये पल बांधना,
बस, एक सपना!
कैसे रोक लूं, पवन को, हाथ धर कर!

चाहा रोक लूं, पवन को, शाख बन कर,
रख लूं, यूं ही कहीं, हाथ धर कर!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

एक झौंका

हौले से, तन को जरा छू कर,
बह चला, एक झौंका, न जाने किधर!

रह गया वो, बस इक, एहसास बनकर,
या, बना सहचर, साँस बनकर,
या, चल रहा संग, वो हर कदम पर,
एक झौंका, न जाने किधर!

कल तलक, ऐसा न था कोई एहसास,
पर अब तक, कहाँ कोई पास!
गुम कहीं, वो तोड़कर मेरा विश्वास,
एक झौंका, न जाने किधर!

रोके कब रुकी, वो खुश्बू हो या पवन,
यूं होती जुदा, ज्यूं बूंदों से घन,
मुड़ चला, झंझोरकर शाख के तन,
एक झौंका, न जाने किधर!

शंकाओं से घिरा, हृदय का, हर शिरा,
जाने कहीं झंझावातों में घिरा,
भटकता हो, सुनसान राहों में पड़ा,
एक झौंका, न जाने किधर!

हौले से, तन को जरा छू कर,
बह चला, एक झौंका, न जाने किधर!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 27 November 2021

अक्सर

अक्सर, वो बिसरा गाँव ढ़ूंढ़ता हूँ,
ज्यूं, चिलचिलाती धूप में, इक छाँव ढ़ूंढ़ता हूँ!

यूँ, रुक भी ना सकूं, इस मोड़ पर,
सफर के, इक लक्ष्य-विहीन, छोर पर,
अक्सर, खुद को, रोकता हूँ,
अन्तहीन पथ पर, ठांव ढ़ूंढ़ता हूँ!

ज्यूं, चिलचिलाती धूप में, इक छाँव ढ़ूंढ़ता हूँ!

अपनत्व, ज्यूं हो महज शब्द भर,
बेगानों में, लगे सहज कैसे, ये सफर,
अक्सर, प्रश्नों में, डूबता हूँ,
ममत्व भरा, वही गाँव ढ़ूंढ़ता हूँ!

ज्यूं, चिलचिलाती धूप में, इक छाँव ढ़ूंढ़ता हूँ!

कभी, यूँ ही रहा, लबों को सी के,
जाने कब, हम हुए, पीकू. से. पी.के.,
अक्सर, खुद को, टोकता हूँ,
इस सांझ में, इक भोर ढ़ूंढ़ता हूँ!

अक्सर, वो बिसरा गाँव ढ़ूंढ़ता हूँ,
ज्यूं, चिलचिलाती धूप में, इक छाँव ढ़ूंढ़ता हूँ

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Wednesday 24 November 2021

28 साल

मुझसे, जब मिले थे तुम, पहली बार,
और जब, आज फिर मिले हो, 28 वर्षों बाद,
मध्य, कहीं ढ़ल चला है, इक अन्तराल,
पर, वक्त बुन चला है, इक जाल,
और, सिमट चुके हैं साल!

अजनबी सी, हिचकिचाहटों के घेरे,
गुम हुए कब, तन्हाईयों में घुलते सांझ-सवेरे,
सितारों सी, तुम्हारे, बिंदियों की चमक,
बना गईं, जाने कब, बे-झिझक,
बीते, पल में यूँ, 28 साल!

इक दिशा, बह चली, अब दो धारा,
कौन जाने, किधर, मिल पाए, कब किनारा,
ना प्रश्न कोई, ना ही, उत्तर की अपेक्षा,
कामना-रहित, यूँ बहे अनवरत,
संग-संग, साल दर ये साल!

सुलझ गई, तमाम थी जो, उलझनें,
ठौर पा गईं, उन्मादित सी ये हमारी धड़कनें,
बांध कर, इक डोर में, रख गए हो तुम,
बिन कहे, सब, कह गए हो तुम,
शेष, कह रहे वो 28 साल!

ये वक्त, कल बिखेर दे न एक नमीं,
ढ़ले ये सांझ, तुम ढ़लो कहीं, और, हम कहीं,
मध्य कहीं, ढ़ल चले ना, इक अन्तराल,
ग्रास कर न ले, क्रूर सा ये काल,
शेष, जाने कितने हैं साल!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 21 November 2021

पुरानी तस्वीरें

बिखर सी गई, कितनी ही, परछाईंयाँ,
उलझकर, जालों में रह गई कितनी ही तस्वीरें,
कभी झांकती है, वे ही दरों-दीवार से!

अजनबी से, हो चले, किरदार कई,
गैरों में अपना सा कोई, गैर से, अपनों में कई,
महकते फूल, या, राह के वो शूल से!

ले गए जो, पल शुकून के, मेरे सारे,
वो ही कभी, कर जाते हैं विचलित, कर इशारे,
वही, छूकर गुजर जाते हैं करीब से!

पछतावा, उन्हें भी तो होगा शायद,
लिख सकी ना, जिनकी कहानी, कोई इबारत,
शिकायत क्या करे, बे-रहम वक्त से!

मिट सी गई, कितनी जिन्दगानियाँ,
लिपट कर वो फूलों में, बन गई पुरानी तस्वीरें,
झांकते है वो ही, इस दरों-दीवार से!

उभरती हैं कोई, शख्सियत अंजानी,
लिख गईं जो, इस दरों-दीवार पर इक कहानी,
पढ़ रहे सब, वो कहानी, अब गौर से!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Thursday 18 November 2021

चलो ना

बड़ी ही धुंधली, ढ़ल रही ये शाम है,
चलो ना,
चमकीली, सुबह की, इक छोर ढ़ूंढ़ लाएं!
वो प्रतीक्षित, भोर ढ़ूंढ़ लाएं!

अंधेरों की, कोई हद तो होगी,
कहर, ढ़ाएगी ये कब तक,
डूबती वो किरण, मन को डराएगी कब तक,
चलो ना,
संग, राहतों की वो सरहद ढ़ूंढ़ लाएं!

कब तक रहा, वक्त इक जैसा,
डरो मत, ये बस सांझ है,
मन में, इक बांझपन ये बढ़ाएगी, कब तक,
चलो ना,
वक्त की, बदलती, करवटें ढ़ूंढ़ लाएं!

उस ओर, वो पल उम्मीदों भरा,
तो हों, यूं नाउम्मीद क्यूँ,
बादल नाउम्मीदियों के, छाएंगे ये कब तक,
चलो ना,
उम्मीद की, वो नई किरण ढ़ूंढ़ लाएं!

बड़ी ही धुंधली, ढ़ल रही ये शाम है,
चलो ना,
चमकीली, सुबह की, इक छोर ढ़ूंढ़ लाएं!
वो प्रतीक्षित, भोर ढ़ूंढ़ लाएं!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 13 November 2021

अनकहे

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे,
कुछ कहो ना!

हो शिकायत, तो, खुल के कहो,
ना बंध कर रहो, प्रवाह बन कर बहो,
घुट-कर, ना चुप-चुप जियो,
विचलित करे, ये तेरी अन्त:घुटन,
भीगे, अन्त:करण तक ये मेरे,
चुप रहो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

अन्तर्मन, पढ़ न पाया मैं तेरा,
रहा अनभिज्ञ मैं, तेरे मन गढ़ा क्या,
मन ही तेरा, ना जीत पाया,
मैं, जीतकर भी, हारा दोनों जहां,
लगे हैं डगमगाने, विश्वास मेरे,
थाम लो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

चले थे परस्पर, इक राह पर,
विश्वास की ही, डोरी इक थामकर,
है अब भी अधूरा ये सफर,
रख दो, अन्त:करण ये खोलकर,
तोड़ दो, मन के भरम ये मेरे,
हाथ दो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 12 November 2021

छाँव

तनिक छाँव, कहीं मिल जाए,
तो, जरा रुक जाऊँ!

यूँ तो, वृक्ष-विहीन इस पथ पर,
तप्त किरण के रथ पर,
तारों के उस पार, तन्हा मुझको जाना है,
इक साँस, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

काश ! कहीं, इक पीपल होता,
उन छाँवों में सो लेता,
पांवों के  छालों को, राहत के पल देता,
इक छाँव, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

वो कौन यहाँ जो छू जाए मन,
कौन सुने ये धड़कन,
बंजर से वीरानों में, फलते आस कहाँ,
इक आस, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

पथ पर, कुछ बरगद बोने दो,
पथ प्रशस्त होने दो,
चेतना के पथ पर, पलती हो संवेदना,
इक भाव, कहीं जग जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

तनिक छाँव, कहीं मिल जाए,
तो, जरा रुक जाऊँ!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 7 November 2021

मध्य कहीं

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कह भी पाता, तो क्या कह पाता!
ये सागर, कितना बह पाता!
लहर-लहर बन, खुद ही टकराता,
खुद को बिखराता,
अनकही सी, हर जज्बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कल्पना कहें, या, कहें सपना उसे!
अब कह दें कैसे, बेगाना उसे,
अनकही वो बातें, वो ही सौगातें,
दिन और ये रातें,
संग मेरे, मेरी तन्हाई में गाते,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

अब जो ये शेष बचे हैं, संग मेरे हैं,
उन बातों में, भीगे रंग तेरे हैं,
फीके, ये लेकिन, शाम-सवेरे हैं,
वो यादों के रंग,
रहते हैं जो, अब मेरे ही संग,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)