Showing posts with label अर्धसत्य. Show all posts
Showing posts with label अर्धसत्य. Show all posts

Friday 29 January 2021

अर्धसत्य सा

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

सत्य, क्या महज इक नजरिया?
या समक्ष होकर, कहीं कुछ है विलुप्त!
फिर, जो समक्ष है, उसका क्या?
जो प्रभाव डाले, उसका क्या?

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

पहाड़ों पर, वो तलाशते हैं क्या?
वो अनवरत, पत्थरों को सींचते हैं क्यूँ?
सजदे में क्यूँ, झुक जाते हैं सर?
क्यूँ दुआ कर जाती है असर?

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

जो समक्ष है, क्या वही है सत्य?
या इक दूसरा भी रुख है, नजर के परे!
जो नजर ना आए, उसका क्या?
जो, महसूस हो, उसका क्या?

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

उलझा सा, ये द्वन्द या जिज्ञासा!
क्यूँ लगे समान, दुविधा या समाधान?
क्यूँ, ये दो पहलू, संयुक्त सर्वदा?
असत्य के मध्य, सत्य छिपा!

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

मानो, तो ईश्वर, ना, तो पत्थर!
विकल्प दोनों, पलते मन के अन्दर!
इक कल्पना, या इक आकार!
क्या ये सत्य, बिना आधार!

सत्य है यह, या थोड़ा सा अर्धसत्य!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)