Showing posts with label कामना. Show all posts
Showing posts with label कामना. Show all posts

Tuesday 1 June 2021

तसल्ली

दिल को, तसल्ली थोड़ी सी,
मैंने, दी तो थी,
अभी,
कल ही!

पर ये जिद पर अड़ा, रूठ कर पड़ा,
बेवजह, दूर वो खड़ा,
किसी की, चाह में,
उसी राह में,
बेवजह, इक अनबुने से ख्याल में!

कोई मूर्त हो, तो, ला भी दूँ, मैं भला,
पर, अमूर्त कब मिला!
अजीब सी चाह है,
इक प्रवाह है,
बेवजह, बहल रहा, उस प्रवाह में!

करे वो कैसे, इक सत्य का सामना,
जब, प्रबल हो कामना,
बुने, कोई उधेड़बुन, 
छेड़े वही धुन,
वो ही गीत, खुद सुने, एकान्त में!

दिल को, तसल्ली थोड़ी सी,
मैंने, दी तो थी,
अभी,
कल ही!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 10 April 2020

अधिकार

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

अब अधिकार है, सिर्फ तुझको!
आँखें फेर लो, या, अंक-पाश में घेर लो,
चलो, गगन में, संग दूर तक,
या, मध्य राह में, कहीं, मुँह मोड़ लो,
जल चुके थे, धू-धू हम तो,
उसी अग्नकुंड में!
जल चुकी थी, मेरी कामनाएँ,
बाकि, रही थी, एक इक्षा!
तुम करोगे, एक दिन,
मेरी समीक्षा!

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

अधिकार है, पूछने का तुमको!
कितना जला मैं? कितना संग चला मैं?
उन, सात फेरों, में घिरा मैं!
या, मध्य राह में, वचन फिर सात लो,
सिमटते रहे, थे हम तो,
उसी प्रस्तावना में!
बहकती रही थी, मेरी भावनाएँ,
शेष, बची थी, एक इक्षा!
करोगे, एक दिन, तुम,
मेरी समीक्षा!

इक अग्नकुंड के किनारे,
सौंप डाले थे,
तुम्हें हमने, अपने अधिकार सारे!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 12 October 2019

नदी किनारे

डूब कर खिलते हैं, कुछ फूल, नदी किनारे,
सूख कर बिखरते हैं धूल, नदी किनारे।

एक विरोधाभास, दो मनोभाव,
एक निरंतर बहती नदी, दो प्रभाव,
इच्छाओं से, जिजीविषा तक!
दो विपरीत कामनाएं, एक ही फैलाव,
सिमट आते हैं सारे, नदी किनारे!

जीवित है, धूल में इक आशा,
कभी तो, रीत जाएगी वो जरा सा,
नदी, खुद आएगी उस तक!
फूल सा, खिल जाएगी वो भीग कर!
धूप सहती है धूल, नदी किनारे!

सुदूर पड़ी, वो धूल हैं आकुल,
सदियों से, मन उनके हैं व्याकुल,
नदी, कब आएगी उस तक?
कब फूल, बन पाएंगी वो खिल कर?
पछताती वो धूल, नदी किनारे!

आश-निराश के, ये दो कण,
तृप्ति-अतृप्ति के, वो मौन क्षण,
पसरा, नदी का वो आँचल,
खामोश बहती, कल-कल सी जल,
चुप-चुप हैं सारे, नदी किनारे!

डूबकर खिलते हैं, कुछ फूल, नदी किनारे,
सूख कर बिखरते हैं धूल, नदी किनारे।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Friday 30 September 2016

कामनाएँ

अमुल्य मानव जन्म,
अनमोल रचना सृष्टि की,
पराकाष्ठा विवेक की,
अभिमान रचयिता के प्रकटीकरण की...

नन्हे कदमों से डग भरता,
अन्धी राहों पे चलता,
कोशिश में आकाश लांघने की,
भूला देता वजह खुद के इन्सान होने की...

कामनाओं से विवश,
ख्वाहिशों के वश में,
वासनाओं के ग्रास में,
खुद से पल पल दूर होता इन्सान....

आकांक्षाएं असीम,
इच्छाएँ नित अपरिमित,
अंतहीन अंधी सी चाहत,
रातोंरात सब हासिल कर लेने की जल्दी....

उद्वेलित अन्तःमन,
न पा सकने का भय,
कुछ छूट जाने का संशय,
आशंका सब छूटकर बिखर जाने की......

अवरुद्ध कल्पनाशीलता,
दम तोड़ती सृजनशीलता,
विवेकहीन सी हो चली मानसिकता,
वर्जनाओं में हर पल उलझता इन्सान.......

Wednesday 24 February 2016

जीवन कलश.....विशेष कामना


(साथियों, "जीवन कलश" के इस BLOG पर यह मेरी 300 वीं रचना है। इसे सफल बनाने और मुझे प्रोत्साहित करते रहे के लिए अनेकों धन्यवाद)

आपका आशीष मिला ............💦💕💕

आपका प्रेरणाशीष शिरोधार्य,
प्रशंसा पाता रहूँ करता रहूँ यह कार्य,
योग्य खुद को बनाऊँ, रहूँ आपको स्वीकार्य।

कृपा सरस्वती की बरसती रहे,
आपके घरों में भी सरस्वती हँसती रहें,
प्रगति के उच्च शिखरों मे आप नित चढ़ते रहे।

आपका जीवन समुज्जवल हो,
धन धान्य सुख से जीवन कलश पूर्ण हो,
सफलता की नई सीढ़ियाँ आपको मिलती रहे।

मैं युँ ही सांसों पर्यन्त लिखता रहूँ,
मेरी रचनाएँ जीवन की कलश बन निखरे,
मार्गदर्शन करें ये सबका, मेरा जीवन सफल करे।

Friday 1 January 2016

नववर्ष पर छोटी सी कामना!

नववर्ष पर छोटी सी कामना!

नव-प्रभात मिले नव-ऊर्जा,
नव प्रेरणा जगे नव चेतना, 
नवधारणा उपजे नवकामना,
नवदृष्टि खिले नित्य-नवपटल, 
नव-आकाश फैले नव-प्रकाश, 
नववर्ष,नवचाह, नव हो जीवन।

नव ल्क्ष्य मिले नवशिखर,
नव आशा मिले नवविहान,
नव तपस्या ले नव साधना,
नव धैर्य मिले नव प्रेरणा,
नव लगन मिले नव चेतना,
नववर्ष,नवचाह, हो नवजीवन।

नव प्रकाश, नव आकाश,
नव विश्वास नव उल्लास,
नव हिमम्त जगे नव आस,
नव विचार के नव निर्झर,
नव प्रणाम मिले नव आशीष।
नववर्ष,नवसंघर्ष,नव हो जीवन।

नववर्ष पर छोटी सी कामना!