Sunday 25 February 2018

सुख का मुखड़ा

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! जरा ये सुख दिखता कैसा है?
क्या सुख के ये क्षण,
मोह की क्षणिक परछाई के जैसा है?
या दुख के सागर में,
डूबती-तैरती उस नैया के जैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! मुख उसका दिखता कैसा है?
क्युं है वो विमुख?
सुख को पल भर आने दो सम्मुख!
क्या है वो संतप्त?
या वो सावन की हवाओं के जैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! सुख तन्हा सा क्यूं रहता है?
दुःख की उन घड़ियो से,
डर जाने खुद उस सुख को कैसा है?
असह्य होते क्षण में,
पीड़ा के प्रांगण में कैसे वो सोता है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!

देखूं तो! वो दुर्गम घाटी में कैसे रहता है?
आता जाता है वो कैसे,
क्या पथ उसका काँटों के जैसा है?
क्यूं है वो सबसे विरक्त,
उस विराने से नाता उसका कैसा है?

ऐ दु:ख! तू मुझसे फेर जरा मुख!
आने दो पल भर जरा, सुख को सम्मुख,
चूम लूंगा फिर तेरा भी मुख,
प्यारा है तू, तू तो संग मेरे ही रहता है!

No comments:

Post a Comment