Showing posts with label साथ. Show all posts
Showing posts with label साथ. Show all posts

Sunday, 8 March 2026

कुछ साथ में

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

रेत में लिपटी, लंबी ठंड सी रात में,
इस धूप में, उन उम्मीदों की बरसात में,
अनबुझ से, जज्बात में,
तेरी चुप-चुप सी, हर बात में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

जाने कब टूटे, इन सांसों के, लय,
वश किसका, जाने कब हो जाए प्रलय,
बैठा, बस उम्मीदें बांधे!
साधे, इन सांसों को साथ में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

संग गिन लेंगे, गिनती के धड़कन,
वक्त से चुन लेंगे, सीमित हैं जो कंपन,
फैलाए, राहों में दामन,
यूँ भर लेंगे रंग, हर हालात में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

शायद, इन राहों में रह जाऊं पीछे,
इक डोर, भीगी जज्बातों के संग खींचे,
मैं आऊंगा, पीछे-पीछे,
मिलने तुझसे ही, उस रात में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

पिरोए संग, तेरे नैनों ने जो सपने,
एकाकी से मेरे पल, लगे थे यूँ हँसने,
उसी क्षण की बात में,
भिगोएंगे, खुद को बरसात में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

पिघलेंगे, बर्फ जमी एहसासों के,
आह, निकल आयेंगे, दबी सांसों से,
उभरेगी, तेरी तस्वीर,
देखूंगा तुझको ही, एकांत में!

कट ही जाएगी, ये जिंदगी.... 
कुछ तुम्हारे साथ में, कुछ तुम्हारी याद में!

Monday, 5 September 2022

फिक्र


फिक्र, उनकी ही फिर भी.....

यूं, बिछड़ कर, सदा जिक्र में जो रहे,
क्या हो, कल किसी राह में, अगर वो फिर मिले!
जग उठे, शायद, फिर वो ही अनबुने सपने,
जल उठे, फिर, अधबुझी सी वो शमां,
इक अंधेरी रात में!

फिक्र, उनकी ही फिर भी.....

जिक्र फिर, उनकी ही हो, हर घड़ी,
जल उठे, अंधेरों में, इक संग, करोड़ों फुलझड़ी,
जलती हर किरण, राहों में, उनको ही ढूंढे,
बस फिक्र ये ही, कि वो फिर ना रूठे,
यूं जरा सी बात में!

फिक्र, उनकी ही फिर भी.....

गुम है मगर, उन रास्तों का सफर,
न उन राहों का पता, न उन दरक्तों की है खबर,
धूमिल से हो चले, उन कदमों के निशान,
गहराते इस रात का, न कोई विहान,
न ही कोई साथ में!

फिक्र, उनकी ही फिर भी.....

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)