Showing posts with label आश. Show all posts
Showing posts with label आश. Show all posts

Friday, 6 February 2026

सब्र

क्यूँ हो जाती है धूमिल, वक्त की सजीली सेज,
क्यूँ  सांझ ढले, होती है ये किरणें निस्तेज,
क्यूँ होता है, नज़दीकियों में, दूरियों सा एहसास,
क्यूँ खुद ना मिलूँ, तब, कभी मैं अपने पास,
क्यूँ, इन हालातों में, रखूँ कोई आश।

कैसा ये विचलन, कैसी उलझी ये पेचीदगियां,
इन हालातों में, बढ़ाऊं कैसे नजदीकियाँ!
बदलते से पलों के दरमियां, किनसे रखूँ दूरियाँ!
हर ओर उठता धुआं, ओझल होता आसमाँ,
समझाये कौन, मुझको ये बारीकियां!

बस, एक सब्र है, शायद वो भी, न हो हताश,
खुद भी कहाँ, इस पल, मैं अपने पास,
कहीं उन्हीं दूरियों में गुम, कुछ ढूंढता बदहवास,
पाने को आसमाँ, खोने को कुछ न पास,
संभल मन, धर धीर, हो न यूँ निराश!

बन एक सहेली, संग-संग खेले आश निराश,
ज्यूँ एक पहेली, समझ न आये खास,
लुभावन होता, कभी ये सांझ सा ढलता आंगन,
स्मृतियों के क्षण, पुलकित होता ये मन, 
तभी हो प्यारा, वही तन्हा सा घन।

यूँ ही होती है धूमिल, वक्त की सजीली सेज,
यूँ ही सांझ ढले, होती ये किरणें निस्तेज,
यूँ फिर होगा, दूरियों में नज़दीकियों का एहसास,
यूँ खुद से मिल लेना, तन्हाईयों में पास,
क्यूँ, इन हालातों में, तू खोये आश।

Tuesday, 4 April 2017

ऐ कुम्हार

तू ले चल उस ओर मुझे, जहाँ आश पले मन का।

ऐ कुम्हार! रख दे तू चाक पर तन मेरा ये माटी का,
छू ले तू मुझको ऐसे, संताप गले मन का,
तू हाथों से गूंध मुझे, मैं आकार धरूँ कोई ढंग का,
तू रंग दे मुझको ऐसे, फिर रंग चढै ना कोई दूजा,
बर्तन बन निखरूँ मैं, मान बढाऊँ आंगन का।

तू ले चल उस ओर मुझे, जहाँ आश पले मन का।

ऐ कुम्हार! माटी का तन मेरा, कठपुतली तेरे हाथों का,
तू रौंदता कभी गूँधता, आकार कोई तू देता,
हाथों से अपने मन की, कल्पना साकार तू करता,
कुछ गुण मुझको भी दे, मैं ढल जाऊ तेरे ढंग का,
एक हृदय बन देखूँ मैं, कैसा है जीवन सबका।

तू ले चल उस ओर मुझे, जहाँ आश पले मन का।

ऐ कुम्हार! तन मेरा माटी का, क्युँ दुख न ये झेल सका,
सुख की आश लिए, क्युँ ये मारा फिरता,
पिपाश लिए मन में, क्युँ इतना क्षुब्ध निराश रहता,
करुवाहट भरे बोलों से, क्युँ औरों के मन बिंथता,
इक मन तू बना ऐसा, सुखसार जहाँ मिलता।

तू ले चल उस ओर मुझे, जहाँ आश पले मन का।