Monday 12 October 2020

मिथक सत्य

इक राह अनन्त, है जाना,
उलझे इन राहों में, मिथ्या को ही सच माना!
नजरों से ओझल, इक वो ही राह रहा,
भ्रम वो, कब टूटा!
मोह-जाल, माया का यह क्रम, कब छूटा!
दिग्भ्रमित, राह वही थामते हैं सब!
शायद, ये जानते हैं सब!

इक मिथ्या को, सच मानते हैं सब!
शायद, ये जानते हैं सब!

जो भी, जीवन में घटा,
इक कोहरा सा, अन्त-काल तक, कब छँटा!
इक मिथक सा, लिखा मन पर रहा,
मिटाए, कब मिटा!
पर, चक्र पर, काल की सब कुछ लुटा,
खुले हाथ, कुछ थामते हैं कब?
शायद, ये जानते हैं सब!

इक मिथ्या को, सच मानते हैं सब!
शायद, ये जानते हैं सब!

वृहद, समय का विस्तार,
बेतार, संवाद कर रहा समय का तार-तार!
पर, मिथक ही, मैं विवाद करता रहा,
विवाद, कब थमा!
समय का, अनसुन संवाद चलता रहा,
अबिंबित, वो बातें मानते हैं कब!
शायद, ये जानते हैं सब!

इक मिथ्या को, सच मानते हैं सब!
शायद, ये जानते हैं सब!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 11 October 2020

जिद्दी जमीं

खोकर नमीं, कभी जम सी जाती है!
जिद्दी जमीं!

खुद में छिपाए, प्राण कितने!
पिरोए, जीवन के, अवधान कितने,
जीवन्त रखते, अरमान कितने!
जरा सा, थम सी जाती है,
जिद्दी जमीं!

भला, वो बीज, सोता है कब!
वो गगण फिर, रक्ताभ होता है जब,
अंकुरित होते हैं, प्राण कितने!
फिर से, विहँस पड़ती है,
जिद्दी जमीं!

निष्फल, रहता नित कामरत!
सर पे धूप ढ़ोता, जूझता अनवरत,
नित लांघता, व्यवधान कितने!
पुन:श्च, गोद भर जाती है,
जिद्दी जमीं!

खोकर नमीं, कभी जम सी जाती है!
जिद्दी जमीं!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 4 October 2020

याद बन चले

इक उम्र के तले.....
तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

संग थे चले, नादान कितने पल,
हो रहे वही पल, फिर जीवंत आज कल,
वो कुछ याद बन रहे, संवाद कर गए, 
संवाद-हीन कुछ, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

उस धार में, अथक सी प्रवाह थी,
सपन में पली, इक ज्वलंत सी चाह थी,
जीवंत से चाह, संग प्रवाह बन बहे,
कुछ रहे रुके, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

तन्हा कहाँ, उम्र का ये रथ चला,
वक्त का काफिला, मुझसे खुलके मिला,
ये इक शिरा, तो संग है आज भी,
शिरे वो दूर के, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

ठहरने लगी, है उम्र की ये नदी,
क्षणिक ये पल नहीं, बिताई है इक सदी,
रुकी सी रह गई, कोई पल साथ में, 
कुछ पल कहीं, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

खट्टी-मीठी, यादों के वो पल,
हसरतों भरे, कितनी इरादों के वो पल,
मचल से गए, उभर से गए कभी,
तस्वीर में ढ़ले, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

कल हम न हों, पर गम न हो,
समय की साज के, ये गीत कम न हो,
ये नज्म प्यार के, कुछ मेरे पास हैं,
गीतों में कई, याद बन चले!

तय हो चले, इक उम्र के ये फासले...

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

हालात

न ऐसी, कोई बात थी!
बस, छलकी थी बूँदें, न कोई बरसात थी!

कभी ये मन, भर आए तो क्या!
आँखें ही हैं, छलक भी जाएं तो क्या!
चाहे, ये दिल दुखे, 
या कहीं, लुटती रहे अस्मतें,
समझ लेना, जरा विचलित वो रात थी!
अपनी ही जिद पर, हालात थी!

न ऐसी, कोई बात थी!
बस, छलकी थी बूँदें, न कोई बरसात थी!

कहाँ वो, संवेदनाओं का गाँव!
हर तरफ, गहन वेदनाओं का रिसाव!
चाहे, देश ये जले, 
लाशों पे, जिये ये रियासतें,
समझ लेना, सियासतों की ये बात थी!
विवश हो चली, वो हालात थी!

न ऐसी, कोई बात थी!
बस, छलकी थी बूँदें, न कोई बरसात थी!

विषाक्त हो, जब हवा तो क्या!
जहर साँस में, घुल भी जाए तो क्या!
चाहे, रक्त ये जमे!
या तीव्र चाल, वक्त की रुके,
समझ लेना, प्रगति की ये सौगात थी!
अनियंत्रित सी, वो हालात थी!

न ऐसी, कोई बात थी!
बस, छलकी थी बूँदें, न कोई बरसात थी

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

चुप सा सत्य


बीतता रहा, चुप-चुप ही, दीर्घ सा अंतराल!

उन ख़ामोशियों में, न जाने कितने थे सवाल!
मतिशून्य सा, मैं कहता भी क्या?
और, कहता भी किसे?
यहाँ सुनने को सत्य, बैठा है कौन?
सोचता, रह गया मैं मौन!
ओढ़ ली इक चुप्पी, और कई सवाल!

बीतता रहा, चुप-चुप ही, दीर्घ सा अंतराल!

शायद, वो इक चीख थी, जो कहीं रही दबी!
सिमट कर, शोर के आवरण में!
अन्तः,गहरी सी टीस थी!
पर ये अन्तः करण, तौलता है कौन?
अन्तर्मन, झांकता है कौन?
चुप-चुप ही रहा, खुद से कर सवाल!

बीतता रहा, चुप-चुप ही, दीर्घ सा अंतराल!

वो निष्काम सत्य, बेचैन सा, जूझता ही रहा!
समक्ष असत्य के, वो कब झुका!
पर, दुरूह वो काल था!
सत्य पर पड़ा, असत्य का जाल था!
तोड़ता है, वो जाल कौन?
सत्य को रहा, सदा ही इक मलाल!

बीतता रहा, चुप-चुप ही, दीर्घ सा अंतराल!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)