Thursday 18 November 2021

चलो ना

बड़ी ही धुंधली, ढ़ल रही ये शाम है,
चलो ना,
चमकीली, सुबह की, इक छोर ढ़ूंढ़ लाएं!
वो प्रतीक्षित, भोर ढ़ूंढ़ लाएं!

अंधेरों की, कोई हद तो होगी,
कहर, ढ़ाएगी ये कब तक,
डूबती वो किरण, मन को डराएगी कब तक,
चलो ना,
संग, राहतों की वो सरहद ढ़ूंढ़ लाएं!

कब तक रहा, वक्त इक जैसा,
डरो मत, ये बस सांझ है,
मन में, इक बांझपन ये बढ़ाएगी, कब तक,
चलो ना,
वक्त की, बदलती, करवटें ढ़ूंढ़ लाएं!

उस ओर, वो पल उम्मीदों भरा,
तो हों, यूं नाउम्मीद क्यूँ,
बादल नाउम्मीदियों के, छाएंगे ये कब तक,
चलो ना,
उम्मीद की, वो नई किरण ढ़ूंढ़ लाएं!

बड़ी ही धुंधली, ढ़ल रही ये शाम है,
चलो ना,
चमकीली, सुबह की, इक छोर ढ़ूंढ़ लाएं!
वो प्रतीक्षित, भोर ढ़ूंढ़ लाएं!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 13 November 2021

अनकहे

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे,
कुछ कहो ना!

हो शिकायत, तो, खुल के कहो,
ना बंध कर रहो, प्रवाह बन कर बहो,
घुट-कर, ना चुप-चुप जियो,
विचलित करे, ये तेरी अन्त:घुटन,
भीगे, अन्त:करण तक ये मेरे,
चुप रहो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

अन्तर्मन, पढ़ न पाया मैं तेरा,
रहा अनभिज्ञ मैं, तेरे मन गढ़ा क्या,
मन ही तेरा, ना जीत पाया,
मैं, जीतकर भी, हारा दोनों जहां,
लगे हैं डगमगाने, विश्वास मेरे,
थाम लो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

चले थे परस्पर, इक राह पर,
विश्वास की ही, डोरी इक थामकर,
है अब भी अधूरा ये सफर,
रख दो, अन्त:करण ये खोलकर,
तोड़ दो, मन के भरम ये मेरे,
हाथ दो ना!

दिलों को भेद जाएंगे, ये अनकहे तेरे, 
कुछ कहो ना!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Friday 12 November 2021

छाँव

तनिक छाँव, कहीं मिल जाए,
तो, जरा रुक जाऊँ!

यूँ तो, वृक्ष-विहीन इस पथ पर,
तप्त किरण के रथ पर,
तारों के उस पार, तन्हा मुझको जाना है,
इक साँस, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

काश ! कहीं, इक पीपल होता,
उन छाँवों में सो लेता,
पांवों के  छालों को, राहत के पल देता,
इक छाँव, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

वो कौन यहाँ जो छू जाए मन,
कौन सुने ये धड़कन,
बंजर से वीरानों में, फलते आस कहाँ,
इक आस, कहीं मिल जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

पथ पर, कुछ बरगद बोने दो,
पथ प्रशस्त होने दो,
चेतना के पथ पर, पलती हो संवेदना,
इक भाव, कहीं जग जाए,
दो पल, रुक जाऊँ!

तनिक छाँव, कहीं मिल जाए,
तो, जरा रुक जाऊँ!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 7 November 2021

मध्य कहीं

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कह भी पाता, तो क्या कह पाता!
ये सागर, कितना बह पाता!
लहर-लहर बन, खुद ही टकराता,
खुद को बिखराता,
अनकही सी, हर जज्बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

कल्पना कहें, या, कहें सपना उसे!
अब कह दें कैसे, बेगाना उसे,
अनकही वो बातें, वो ही सौगातें,
दिन और ये रातें,
संग मेरे, मेरी तन्हाई में गाते,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

अब जो ये शेष बचे हैं, संग मेरे हैं,
उन बातों में, भीगे रंग तेरे हैं,
फीके, ये लेकिन, शाम-सवेरे हैं,
वो यादों के रंग,
रहते हैं जो, अब मेरे ही संग,
दिल के मध्य, कहीं!

कितनी बातों के मध्य, बात रही,
दिल के मध्य, कहीं!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 31 October 2021

मैं और तारा

इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

यूं, दोनों ही एकाकी,
ना संगी, ना कोई साकी,
भूला जग सारा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

छूटे, दिवस के सहारे,
थक-कर, डूबे सारे सितारे,
कितना बेसहारा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

धीमी, साँसों के वलय,
उमरते, जज़्बातों के प्रलय,
तमस का मारा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

ठहरा, बेवश किनारा,
गतिशील, समय की धारा,
ज्यूं, हरपल हारा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

दोनों ही पाले भरम,
झूठे, कितने थे वो वहम,
टूट कर बिखरा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

दोनों, मन के विहग,
बैठे, जागे अलग-अलग,
सोया जग सारा,
इधर मैं और उधर इक तारा,
दोनों बेचारा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Tuesday 19 October 2021

धागे

मढ़ते-मढ़ते, रिश्तों के सारे नाज़ुक धागे,
बुनते-बुनते, भावुक से कितने पल,
आ पहुंचे, मंजिल तक हम।

कितने अंजाने थे तुम, और बेगाने से हम,
इक सिमटे से, पल थे तुम, 
और कितने बिखरे से, बादल थे हम,
यूं, चुनते-चुनते, तुझ संग खुद को,
आ पहुंचे, साहिल तक हम।

मढ़ते-मढ़ते, रिश्तों के सारे नाज़ुक धागे...

यूं, आसान न था, बिखरे ये टुकड़े चुनना,
यूं धागों संग, चिथड़े सिलना,
भरमाए से, इस गगन के तारे थे हम,
यूं, चलते-चलते, अंधेरे से राहों में,
आ पहुंचे, मंजिल तक हम।

मढ़ते-मढ़ते, रिश्तों के सारे नाज़ुक धागे...

हौले से, तुम आ बैठे, हृदय के आंगन में,
यूं बरसे, घन जैसे सावन में,
प्यासे, पतझड़ के, सूखे उपवन हम,
यूं, रीतते-रीतते, भीगी बारिश में,
आ पहुंचे, साहिल तक हम।

मढ़ते-मढ़ते, रिश्तों के सारे नाज़ुक धागे...

अब जाने, कितने जन्मों का, ये बंधन है,
किन धागों का, गठबंधन है,
बैठे हैं, तेरे इन आँचल के, साए हम,
यूं, सुनते-सुनते, जीवन के किस्से,
आ पहुंचे, मंजिल तक हम।

मढ़ते-मढ़ते, रिश्तों के सारे नाज़ुक धागे,
बुनते-बुनते, भावुक से कितने पल,
आ पहुंचे, मंजिल तक हम।

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Thursday 14 October 2021

मैं और मेरे जीवंत पल

मैं और संग मेरे, जीवंत से ये पल मेरे!

बुने हर पल, कई सपनों के महल,
भरे रंग कई, नैनों तले जगाए रात कई,
संग मेरे, करे मनमानियां,
जीवंत से ये पल मेरे!

कहीं खोई सी हो, बादलों में धूप,
झूमे वो गगन, धरे ये चांदनी कई रूप,
टिम-टिमाते, सितारों भरे,
जीवंत से ये पल मेरे!

ठहर सी गई हो, कुछ पल पवन,
रुकी हो साँसें, रुकी सी हों ये धड़कन,
मगर, द्रुत कदमों से दौड़े,
जीवंत से ये पल मेरे!

गूँजे कहीं, उन कदमों की आहट,
बजे यूँ हीं, टूटी सी ये वीणा यकायक,
चुपके से, सुनाए वही धुन,
जीवंत से ये पल मेरे!

जागृत हकीकत, या महज स्वप्न,
सुप्त कई एहसास, यूं हो उठे जीवंत,
करे, तुम्हारी ही बातें अनंत,
जीवंत से ये पल मेरे!

मैं और संग मेरे, जीवंत से ये पल मेरे!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Saturday 9 October 2021

पथिक

पथिक इस राह के, हम, दूर तक जाएंगे,
वो पंछी चाह के, हमें भटकाएंगे,
विचलन कई, लुभाने आएंगे!
कह दो जरा, मन से, भटके न वो,
उलझे बड़े, पथ ये सारे, कहीं अटके न वो!

पथिक, इस राह के हम‌....

या, धुंधलाने लगे हों, पथ के सितारे,
या फिर पुकारें, क्षणिक गगन के, छांव सारे, 
और, भरमाते रहे, पथ के वो तारे‌...
लक्ष्य से, विचलित ना हो,
कह दो जरा, मन से, भटके न वो,
भ्रम से भरे, पथ ये सारे, कहीं अटके न वो!

पथिक इस राह के हम.....

बाधाएं बड़ी हों, पथ में शिलाएं खड़ी हों,
दुर्गम घाटियों की, बाहें बड़ी हों,
विपरीत, ये दिशाएं पड़ी हों,
कह दो जरा, मन से, भटके न वो,
कंटक भरे, पथ ये सारे, कहीं अटके न वो!

पथिक इस राह के हम.....

या, हों प्रतिकूल, समय के ये दोधारे,
या बिछड़ने लगे हों, पथ के वो संगी सहारे,
और न हो, सांझ के कोई सहारे...
वक्त से, प्रभावित ना हो,
कह दो जरा, मन से, भटके न वो,
ज़िंदगी के, पड़ाव सारे, कहीं अटके न वो!

पथिक इस राह के हम.....

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Monday 4 October 2021

सूनी ये वादियां

सूनी पड़ी ये वादियां, सुना दो, आलाप वो ही!
या, फिर गुनगुना दो, प्रणय के गीत कोई!

अक्सर ओढ़ कर, खामोशियां,
लिए अल्हड़, अनमनी, ऊंघती, अंगड़ाइयां,
बिछा कर, अपनी ही परछाईयां,
चल देते हो, कहां!

सूनी पड़ी ये वादियां, सुना दो, आलाप वो ही!

पल वो क्या, जो चंचल न हों,
प्रणय हों, पर अनुनय-विनय के पल न हों,
संग हो, पर ये कैसी तन्हाईयां,
खोए हो, तुम कहां!

सूनी पड़ी ये वादियां, सुना दो, आलाप वो ही!

देखो, वो पर्वत, कब से खड़ा,
छुपाए पीड़ मन के, तन्हाईयों में, हँस रहा,
जरा, फिर बिछाओ परछाईयां,
तुम भी, बैठो यहां!

सूनी पड़ी ये वादियां, सुना दो, आलाप वो ही!

अक्सर, पलों को, बिखेर कर,
यूं ही हौले से, बहते पलों को झकझोरकर,
छोड़ कर, उच्श्रृंखल क्षण यहां,
चल देते हो, कहां!

सूनी पड़ी ये वादियां, सुना दो, आलाप वो ही!
या, फिर गुनगुना दो, प्रणय के गीत कोई!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Sunday 3 October 2021

अधूरा शै

लगाए, खुद पे पहरा,
हर शख्स, है कितना अधूरा!

कितनी गांठें, बंध गई, इस मन के अन्दर,
प्यासा रह गया, कितना समुन्दर,
बहता जल, नदी का, ज्यूं कहीं हो ठहरा,
लगाए, खुद पे पहरा,
हर शै, यहां कितना अधूरा!

मुरझा चुकी, कितनी कलियां, बिन खिले, 
असमय, यूं बिखरे फूल कितने,
बागवां से, इक बहार, कुछ यूं ही गुजरा,
लगाए, खुद पे पहरा,
हर बाग, है कितना अधूरा!

बरस सके ना, झूमकर, बादल चाहतों के,
ढ़ंग, मौसमों के, बदले-बदले,
वो बादल, आसमां से कुछ यूं ही गुजरा,
लगाए, खुद पे पहरा,
हर चाह, है कितना अधूरा!

तमन्नाओं के डोर थामे, बिताई उम्र सारी,
प्यासी रह गई, जैसे हर क्यारी,
दूर, यूं ढ़ल रहा सांझ, ओढ़े रंग सुनहरा,
लगाए, खुद पे पहरा,
हर रंग, है कितना अधूरा!

लगाए, खुद पे पहरा,
हर शख्स, है कितना अधूरा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)