Tuesday 20 August 2019

चंद बातें

मंद सांसों में, बातें चंद कह दे!
तू आज, मुझसे कोई छंद ही कह दे!

चुप हो तुम, तो चुप है जहां!
फैली है जो खामोशियाँ!
पसरती क्यूँ रहे?
इक गूंज बनकर, क्यूँ न ढले?
चहक कर, हम इसे कह क्यूँ न दें?
चल पिरो दें गीत में इनको!
बातें चंद ही कह दे!

तू आज, मुझसे कोई छंद ही कह दे!

तू खोल दे लब, कर दे बयां!
दबी हैं जो चिंगारियाँ!
सुलगती, क्यूँ रहें?
इक आग बनकर, क्यूँ जले?
इक आह ठंढ़ी, इसे हम क्यूँ न दें?
बंद होठों पर, इसे रख दे!
बातें चंद ही कह दे!

तू आज, मुझसे कोई छंद ही कह दे!

चंद बातों से, जला ले शमां!
पसरी है जो विरानियाँ!
डसती क्यूँ रहे?
विरह की सांझ सी, क्यूँ ढले?
मंद सी रौशनी, इसे हम क्यूँ न दें?
चल हाथ में, हम हाथ लें!
बातें चंद ही कह दे!

तू आज, मुझसे कोई छंद ही कह दे!

मंद सांसों में, बातें चंद कह दे!
तू आज, मुझसे कोई छंद ही कह दे!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Sunday 18 August 2019

लकीरें

यूँ न उभरी होंगी लकीरें, इस जमी पर!

बंध गई होगी, पांव में जंजीर कोई,
चुभ गए होंगे, शब्द बन कर तीर कोई,
या उठ गई होगी, दबी सी पीड़ कोई,
खुद ही, कब बनी है लकीर कोई,
या भर गया है, विष ही फिज़ाओं में कोई!

यूँ न उभरी होंगी लकीरें, इस जमी पर!

फसे होंगे, सियासत की जाल में,
घिरे होंगे, अज्ञानता के अंधेरे ताल में,
मिटे होंगे, दुष्ट दुश्मनों की चाल में,
या लुटे होंगे, बेवशी के हाल में,
या भटक चुके होंगे, वो इन दिशाओं में!

यूँ न उभरी होंगी लकीरें, इस जमी पर!

मन बंटे होंगे, चली होंगी आंधियाँ,
तन जले होंगे और चली होंगी लाठियां,
घर जले होंगे, या चली होंगी गोलियाँ,
उजाड़े गए होंगे, यहाँ के आशियां,
या घुल गए होंगे, जहर हवाओं में यहाँ!

यूँ न उभरी होंगी लकीरें, इस जमी पर!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Friday 16 August 2019

उजली किरण

कोई उजली किरण, कभी तो छू लेगी बदन! 

फिर ना छलेगी, हमें ये अंधेरी सी रात,
चलेगी संग मेरे जब, कभी ये तारों की बारात,
अंधियारों में फूटेगी, आशा की इक लौ,
मन प्रांगण, जगमगाएंगे दिये सौ,
रौशन होगी, अन्तःकिरण!

कोई उजली किरण, कभी तो छू लेगी बदन! 

जागेगा प्रभात, डूबेगी ये घनेरी रात,
चढ़ किरणों के रथ, चहकती आएगी प्रभात,
टूटेंगे दुःस्वप्न, अरमानों के सेज सजेंगे,
अंधेरे मन में, अन्तःज्योत जलेंगे, 
जगाएगी, इक रश्मि-किरण !

कोई उजली किरण, कभी तो छू लेगी बदन! 

पल में ढ़लेगी, फिर न छलेगी रात,
बात सुहानी कोई कहानी, मुझसे कहेगी रात,
रैन सजेंगे, खोकर स्वप्न में नैन जगेंगें,
अंधियारों से, यूँ इक स्वप्न छीनेंगे,
मिलेगी स्वप्निल, प्रभाकिरण !

कोई उजली किरण, कभी तो छू लेगी बदन! 

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Thursday 15 August 2019

विश्व विजयी तिरंगा

चलो न हम रंगें, ये जमीं, ये विश्व, ये आकाश,
अनूठे से, ये तीन रंग, हैं हमारे पास!

पर्वतों के शीष पर, हैं बिखेरे हमने रंग,
ये पहाड़ दुग्ध से, सदा ही हँसे हैं हमारे संग,
सन गए ये कभी, आतंक के खून संग,
खामोश से हुए, दुग्ध के आकाश!
चलो न हम रंगें, इस तिरंगे सा, ये पर्वताकाश!

रंग ये केसरी सा, बह रहा लहू के संग,
रंग जाएगी सरज़मीं, गर कट गए ये मेरे अंग,
मुल्क के ही वास्ते, बह रहा मेरा ये रंग,
केसरी सा ये रंग, है रंगों में खास!
चलो न हम रंगें, ये जमीं, ये नभ, ये आकाश!

पथरीली राह पर, है बिछा हरा सा रंग,
हँस रही ये सरजमीं, इन हरे-हरे रंगों के संग,
खिल उठे हैं खेत, उत्सवों के हैं उमंग,
हरा सा ये रंग, भर गया उल्लास!
क्यूं न हम रंगें, ये जमीं, ये विश्व, ये आकाश?

शान्ति का प्रतीक, है बना धवल ये रंग,
विश्व-शान्ति का संदेश, दे रहा धवल ये रंग,
क्लेश से परे, उज्जवल, धवल ये रंग,
उजाले यही, सदा ही होते काश!
फिर क्यूं न हम रंगें, इस विश्व का आकाश?

चलो न हम रंगें, ये जमीं, ये नभ, ये आकाश,
अनूठे से, ये तीन रंग, हैं हमारे पास!

                     - पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Monday 12 August 2019

दोबारा

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

खुले हैं पट, इतिहास के खुले हैं लट,
काश्मीर की इक भूल से, घरों के धुले हैं चौखट,
बाँट दे जो मन, अब हो न कोई ऐसी धारा,
इतिहास वो ही फिर, ना बने दोबारा!

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

तीन सौ सत्तर, टुकड़े कर के दिलों के,
खुफिया पते दुश्मनों को, देकर गए थे किलों के,
छुपे थे घरों में भेदिये, उल्टी बही थी धारा,
भूल वो ही फिर, अब ना हो दोबारा!

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

वो ही भेदिए, अब जयचंद बन चुके,
इन्सान की शक्ल में, वो ही भेड़िये हैं बन चुके,
उनकी ही सियासत, का खेल है ये सारा,
कामयाब वो ही, फिर न हो दोबारा!

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

जो आग है दिलों में, सम्हालो उन्हें,
पहचानो दुश्मनों को, कर दो खाक तुम उन्हें,
अमन, चैन की, बह चलेगी ऐसी धारा,
जम्हूरियत पर, गर्व होगा दोबारा!

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

इतिहास हम बनेंगे, गर्व सब करेंगे,
पीढियाँ दर पीढियाँ, हम पर नाज कर सकेंगे,
काश्मीर ही जनन्त, बनेगा फिर ये सारा,
कश्मीरियत, जी उठेगा दोबारा!

आनेवाला कल हमारा, फिर पुकारेगा दोबारा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Sunday 4 August 2019

परछाईं तेरी

वो तुम थे, या थी बस परछाईं तेरी,
थी खुश्बू कोई, जिनसे मिलती थी तन्हाई मेरी,
महक उठता था, चमन, वो गुलशन सारा,
वो थे तुम, या था वो भरम सारा!

थी परछाईं तेरी, या वो था हमसाया मेरा!
मुझसे ही जुदा, था कहीं साया मेरा!

इक हमसाए सी रही, परछाईं तेरी,
इक धुंध सी थी, भटकती थी जहाँ तन्हाई मेरी,
धुआँ-धुआँ सा हुआ, था वो आलम सारा,
वो थे तुम, या था वो भरम सारा!

थी परछाईं तेरी, या वो था हमसाया मेरा!
मुझसे ही जुदा, था कहीं साया मेरा!

थे धुंध के पहरे, या थी जुल्फें तेरी,
उलझते थे वो बादल, या उलझती थी लटें तेरी,
यूं वादियों से कहीं, था तन्हाई ने पुकारा,
वो थे तुम, या था वो भरम सारा!

थी परछाईं तेरी, या वो था हमसाया मेरा!
मुझसे ही जुदा, था कहीं साया मेरा!

हैरां कर गई, चुप सी वो बातें तेरी,
तन्हाईयों से हुई, वो लम्बी सी मुलाकातें मेरी,
ढूंढता हूँ अब, उन्ही लम्हातों का सहारा,
वो थे तुम, या था वो भरम सारा!

थी परछाईं तेरी, या वो था हमसाया मेरा!
मुझसे ही जुदा, था कहीं साया मेरा!

दूर जाती रही, मुझसे परछाईं तेरी,
यूँ  सताती रही, पास आकर वही तन्हाई मेरी,
गुजरा न वो पल, बेरहम वो वक्त ठहरा,
वो थे तुम, या था वो भरम सारा!

थी परछाईं तेरी, या वो था हमसाया मेरा!
मुझसे ही जुदा, था कहीं साया मेरा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Friday 2 August 2019

निःस्तब्ध रात

निःशब्द कर मुझे, निरंतर ढ़ल रही थी!
निःस्तब्ध सी, वो रात!

निरुत्तर था, उसके हर सवाल पर मैं,
कह भी, कुछ न सका, उसके हाल पर मैं!
निःस्तब्ध, कर गई थी वो रात!

डाल कर, बस इक अंधेरी सी चादर,
तन्मयता से, निःस्तब्ध खामोशी पिरो कर!
रात को, भुला दी थी किसी ने!

वो ही जख्म अब, नासूर सा था बना,
दिन के उजाले से ही, मिले थे जख्म काले!
निरंतर, सिसकती रही थी रात!

दुबक कर, चीखते चिल्लाते निशाचर,
निर्जन तिमिर उस राह में, ना  कोई रहवर!
पीड़ में ही, घुटती रही थी रात!

उफक पर, चाँद आया था उतर कर,
बस कुछ पल, वो तारे भी बने थे सहचर!
लेकिन, अधूरी सी थी वो साथ!

गुम हुए थे तारे, रात के सारे सहारे,
निशाचर सोने चले थे, कुछ पल शोर कर!
अकेली ही, जगती रही वो रात!

क्षितिज पर, भोर ने दी थी दस्तक,
उठकर नींद से, मै भी जागा था तब तक!
आप बीती, सुना गई थी रात!

निःशब्द कर मुझे, निरंतर ढ़ल रही थी!
निःस्तब्ध सी, वो रात!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Tuesday 30 July 2019

वो है अलबेला

वो है अलबेला,
वो ना भूला होगा!
फिर आएगा वो मौसम, फिर वो ही झूला होगा!

फिर से, घिर आई है ये बदली,
वो खिल आई है, फिर जूही की कली,
इन हवाओं नें, फिर हौले से छुआ,
वो ही, कुछ कह रहा होगा!
वो है अलबेला,
वो ना भूला होगा!

फिर आएगा वो मौसम, फिर वो ही झूला होगा!

सर्द सा, हो चला है ये मौसम,
बिखर सी गई हैं, हर तरफ ये शबनम,
वो भींग कर, हँस रही हैं कलियाँ,
देख, वो ही हँस रहा होगा!
वो है अलबेला,
वो न भूला होगा!

फिर आएगा वो मौसम, फिर वो ही झूला होगा!

कोई गीत, गा रही है ये पवन,
या उसी के, धुन की है ये नई सरगम,
थिरक उठा, है फिर ये सारा जहाँ,
वो ही, फिर गा रहा होगा!
वो है अलबेला,
वो न भूला होगा!

फिर आएगा वो मौसम, फिर वो ही झूला होगा!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Sunday 28 July 2019

काश के वन

करूं लाख जतन, उग आते है, काश के वन!

ललचाए मन, अनचाहे से ये काश के वन,
विस्तृत घने, अपरिमित काश के वन,
पथ भटकाए, मन भरमाए, ये दूर कहीं ले जाए!
"काश! ऐसा होता" मुझसे ही कहलाए,
कैसा है मन, क्यूं उग आते है, काश के वन!

कब होता है सब वैसा, चाहे जैसा ये मन,
वश में नही होते, ये आकाश, ये घन,
मुड़ जाए कहीं, उड़ जाए कहीं, पड़ जाए कहीं!
सोचें कितना कुछ, हो जाता है कुछ,
उग आते हैं मन में, फिर ये, काश के वन!

बदली है कहाँ, लकीरें इन हाथों की यहाँ,
अपनी ही साँसें, कोई गिनता है कहाँ,
विधि का लेखा, है किसने देखा, किसने जाना!
साँसों की लय का, अपना ही ताना,
संशय में, उग आते हैं बस, काश के वन!

काश! दिग्भ्रमित न करते, ये काश के वन,
दिग्दर्शक बन उगते, ये काश के वन,
होता फिर बिल्कुल वैसा, कहता जैसा ये मन!
न पछताते, न हाथों को मलते हम,
न उगते, न ही भटकाते, ये काश के वन!

करूं लाख जतन, उग आते है, काश के वन!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा

Saturday 27 July 2019

झूले

ऐसे न थे, पहले कभी, सावन के ये झूले!

अब तो उम्र ढ़ली,
बूँदों में पली, फिर भी सावन ये जली,
है भीगी सी, ये नजर
बस, सूने से हैं, दिल के मंज़र,
क्यूं, हो तुम भूले,
सजन, बूूंदों के है मेले!
पर, चुपचुप से हैं, सावन के ये झूले!

न जाने वो तितली,
इक पल को मिली, कहीं उड़ चली,
है भीगी सी, ये नजर,
बस, सूखे से है, मन के शहर,
क्यूं, यादों के तले,
ये सावन, ये सांझ ढ़ले!
पर, चुपचुप से हैं, सावन के ये झूले!

सांझें, हैं ये धुंधली,
हैं थके से कदम, साँसें हैं उथली,
है भींगा सा, ये मंजर,
बस, हैं रूठे, सपनों के नगर,
क्यूं, वादों के तले,
भीगे से, ये बारात चले!
पर, चुपचुप से हैं, सावन के ये झूले!

ऐसे न थे, पहले कभी, सावन के ये झूले!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा