Showing posts with label दिल. Show all posts
Showing posts with label दिल. Show all posts

Tuesday 28 November 2017

मैं, बस मैं नहीं

मैं, बस इक मैं ही नहीं.....इक जीवन दर्पण हूँ.....!

मैं, बस इक मैं ही नहीं.........
इक रव हूँ, इक धुन हूँ,
हृदय हूँ, आलिंगन हूँ, इक स्पंदन हूँ,
गीत हूँ, गीतों का सरगम हूँ
गूंजता हूँ हवाओं में,
संगीत बन यादों में बस जाता हूँ,
गुनगुनाता हूँ मन में, यूँ मन को तड़पाता हूँ.....

मैं, बस इक मैं ही नहीं........
इक दिल हूँ, इक धड़कन हूँ,
भावुक हूँ कुछ, थोड़ा बह जाता हूँ,
बंधकर पीड़ा में रह जाता हूँ,
खो जाता हूँ खुद में,
औरों के गम में आहत हो जाता हूँ,
विलखता हूँ मन में, एकान्त जब होता हूँ.....

मैं, बस इक मैं ही नहीं.........
इक रोश हूँ, इक आक्रोश हूँ,
गर्म खून हूँ, जुल्म से उबल जाता हूँ,
चुभती बात कहाँ सह पाता हूँ,
विरुद्ध हूँ मैं दमन के,
खुली चुनौती देकर लड़ जाता हूँ,
कलपता हूँ मन में, प्रभावित मैं होता हूँ....

मैं, बस इक मैं ही नहीं.........
इक राह हूँ, इक प्रवाह हूँ,
कभी रुकता हूँ, कभी चल पड़ता हूँ,
जूझकर रोड़ों से गिर पड़ता हूँ,
समाहित हूँ मैं खुद में,
यूँ राह प्रशस्त कर बढ़ जाता हूँ,
छलकता हूँ मन में, यूँ बस संभल जाता हूँ.....

मैं, बस इक मैं ही नहीं.........
इक जीव हूँ, इक जीवन हूँ, 
कभी सही हूँ, तो कभी गलत भी हूँ,
खबर नहीं है की सत्यकाम हूँ,
सत्यापित हूँ मैं खुद में,
बस जीवन को जीता जाता हूँ,
इठलाता हूँ मन में, यूँ खुद को बहलाता हूँ....

मैं, बस इक मैं ही नहीं....इक जीवन दर्पण हूँ.....!

Saturday 4 November 2017

जलता दिल

राख! सभी हो जाते हैं जलकर यहाँ,
दिल ये है कि जला...
और उठा न कहीं भी धुँआ!

है जलने में क्या?
बैरी जग हुआ दिल जला!
चित्त चिढा,
मन को छला,
दिल जला!
कहीं आग न कहीं दिया, दिल यूँ ही बस जला!

ये धुआँ?
दिल में ही घुटता रहा,
घुट-घुट दिल जला,
बैरी खुद से हुआ,
दिल को छला,
उठता कैसे फिर धुआँ, दिल के अन्दर ये घुला!

राख ही सही!
पश्चाताप की भट्ठी पर चढा,
बस इक बार ही जला,
अंतःकरण खिला......
स्वरूप बदल निखरा,
धुआँ सा गगन में उड़ा, पुनर्जन्म लेकर खिला।

Saturday 22 July 2017

चुप सी धड़कन

इस दिल में ही कहीं, इक धड़कन अब चुप सा रहता है!

चुप सी अब रहने लगी है, इक शोख सी धड़कन!
बेवजह ही ये कभी बेजार सा धड़कता था,
भरी भीड़ में अब, तन्हा-तन्हा ये क्यूँ रहता है!
अब तन्हाई में न जाने, ये किस से बातें करता है?

इस दिल में ही कहीं, इक धड़कन अब चुप सा रहता है!

कोई खलिश सी है दबी, शायद उस धड़कन में!
ऐसे गुमसुम चुप, ये पहले कब रहता था?
कोई एहसास है जगी, शायद उस धड़कन में!
संवेदनाओं के ज्वर, अब अकेला ही ये सहता है?

इस दिल में ही कहीं, इक धड़कन अब चुप सा रहता है!

चाहे मेरा ये धड़कन, सतत् प्रणय का कंपन!
निरन्तर मृदु भावों से मन का अवलम्बन!
अनवरत छूटते साँसों संग, साँसों का बंधन!
अविरल अश्रृधार का आलिंगन ये यूँ ही करता है!

इस दिल में ही कहीं, इक धड़कन अब चुप सा रहता है!

Wednesday 10 May 2017

इक खलिश

पलकें अधखुली,
छू गई सूरज की किरण पहली,
अनमने ढंग से फिर नींद खुली।।।
मन के सूने से प्रांगण में दूर तलक न था कोई,
इक तुम्हारी याद! निंदाई पलकें झुकाए,
सामने बैठी मिली...!

मैं करता रहा,
उसे अपनाने की कोशिश,
कभी यादों को भुलाने की कोशिश…
रूठे से ख्वाबों को निगाहों में लाने की कोशिश,
तेरी मूरत बनाने की कोशिश…
फिर एक अधूरी मूरत....!

क्या करूँ?
सोचता हूँ सो जाऊँ,
नींद मे तेरी ख्वाबों को वापस बुलाउँ,
फिर जरा सा खो जाऊँ,
मगर क्या करूँ...
ख्बाब रूठे है न मुझसे आजकल....!

इन्ही ख्यालों में,
इक पीड़ सी उठी है दिल में,
चाह कोई जगी है मन मॆं,
अब तोड़ता हूँ दिल को धीरे धीरे तेरी यादों में,
वो क्या है न, चाहत में...
रफ्ता रफ्ता मरने का मजा ही कुछ और है...!

Sunday 29 January 2017

पत्थर दिल

न जाने कब पत्थर हुआ, मासूम सा ये दिल मेरा.....

हैरान हूँ मैं, न जाने कहां खोई है मेरी संवेदना?
आहत ये दिल जग की वेदनाओं से अब क्यूँ न होता?
देखकर व्यथा किसी कि अब ये बेजार क्यूँ न रोता?
व्यथित खुद भी कभी अपने दुखों से अब न होता!
बन चुका है ये दिल, अब पत्थर का शायद!
न तो रोता ही है ये अब, न ही ये है अब धड़कता!

न जाने कब पत्थर हुआ, मासूम सा ये दिल मेरा.....

हैरान हूँ मै, न जाने कहां खोई दिल की मासूमियत?
महसूस क्यूँ न अब ये उमरते से संवेदनाओं को करता?
मासूम सी अपनी हँसी क्यूँ लबों पे अब न बिखेरता?
दर्द के पल समेटकर क्यूँ चुपचाप खुद ही घुटता?
अपनाकर किसी ने, तोड़ा है ये दिल शायद!
न ही मुस्कुराता है ये अब, न ही अब ये संभलता!

न जाने कब पत्थर हुआ, मासूम सा ये दिल मेरा.....

Monday 13 June 2016

दिल दुखे न कभी उनका

दिल दुखे न कभी उनका अब, चलो हम यूँ करते हैं.....

लेकर उनकी हाथों को अपनी हाथों में,
महसूस उन नब्जों की सिहरन को हम करते हैं,
धड़कनें नाजुक सी धड़कती है सीने में,
उसके धड़कन की आवर्तों को चलो गिनते हैं,

दिल दुखे न कभी उनका अब, चलो हम यूँ करते हैं.....

सागर नीले गहरे कितने हैं उन आँखों में,
उस नील-समुन्दर की गहराई में हम उतरते हैं,
स्नेहमई नीर बहते हैं उनकी आँखों से,
स्नेह के उन मोतियों से चलो दामन भरते हैं,

दिल दुखे न कभी उनका अब, चलो हम यूँ करते हैं.....

थाली पूजा की सजाई है उसने हाथों में,
श्रद्धा के फूलों से हम उस थाली को भरते हैं,
माँग को सजाया है उसने कुमकुम से,
सिन्दूर रंगी उस मांग को चलो तारों से भरते हैं,

दिल दुखे न कभी उनका अब, चलो हम यूँ करते हैं.....

नुकीले काटें कितने ही हैं उनके दामन में,
ममतामई उस दामन को हम फूलों से भरते हैं,
कदम-कदम पर धोखे ही खाए हैं उसने,
विश्वास के अंतहीन कदम चलो अब संग भरते हैं,

दिल दुखे न कभी उनका अब, चलो हम यूँ करते हैं.....

Friday 3 June 2016

वादियों में कहीं

कहीं दूर तन्हा हसीन वादियों में,
गा रहा है ये दिल अब तन्हाईयों के गीत,
चौंक कर जागता है मन बावरा,
सोचता यहीं कही पे है मेरे मन का मीत।

कहीं दिल की लाल सरिताओ में,
खिल उठ्ठे हैं जैसे असंख्य कमल के फूल,
कह रहा है मुझसे दिल ये बावरा,
धड़केगा एक दिन वो पत्थर भी जरूर।

जैसे फूल खिल उठते हैं पत्थरों पे,
ताप से पिघलतेे है मोम के ये सुलगते दिए,
हो जाएंगे वो भी ईश्क मे बावरा,
मेेरी तन्हा रातों में कभी वो जलाएंगे दिए।

ये वादियाँ हैं इंतजार की फूल के,
झूम उठते हैं जो इन तन्हाईयों के गीत पे,
तन्हा लम्हों में छुपा है वो बावरा,
इन वादियों में कहीं वो इंतजार में प्रीत के।

Wednesday 1 June 2016

राख

दिल की हदों से गुजरी थी कभी जिन्दगी,
किस्से मोहब्बत के तमाम बाकी हैं,

चाहत के फूलों से सजा था कभी गुलशन,
जिन्दगी के अब कुछ निशान बाकी हैं,

उजड़ी है बस्तियाँ खत्म हो चुकी हैं कहानी,
चाहत के बस कुछ अल्फाज बाकी है,

मजार-ए-मीनार बनी इक अधूरे ईश्क की,
चाहत की मुकम्मल सी याद बाकी है,

अब अक्श है वो सामने जैसे लपटें हो आग की,
जलते हुए ईश्क की बस राख बाकी है।

Sunday 22 May 2016

बदली सी फिजाँ

बदली सी है फिजाँ, अब इस शहर की मेरी,
हर शख्स ढूँढ़ता है यहाँ, इक आशियाँ अलग सी,
इक नाम मेरा है खुदा, चप्पे-चप्पे पे इस शहर की,
आशियाँ तो है मेरा, जर्रा जर्रा इस शहर की।

बदले हैं बस लोग, बदली कहाँ ये गलियाँ,
चैनो-ओ-शुकुन बदले हैं, गम ही गम है अब यहाँ,
चेहरों पे चेहरे हैं लगे, जुदा मुझसे मेरा साया यहाँ, 
दिल के करीब थे जो, गुमसुदा वो मुझसे यहाँ।

बदलते मौसमों से, बदले हैं अब रिश्ते यहाँ,
मुरझा चुके है फूल सब, रिश्तों के धागे लहुलुहाँ,
हर धड़कते दिलों के अन्दर, दर्द के सैकड़ों निशाँ,
लब्जों में छुपे हैं खंजर, मन से उठता है धुआँ।

सोचता हूँ आज मैं, कब लोग समझेंगे यहाँ,
रिश्तों की भीनी खुश्बुओं में, हम साँस लेते हैं यहाँ,
अंश नई कोपलों से कोमल, लहलहाते हैं अपने यहाँ,
हम धूल हैं इस शहर की, ये शहर है आशियाँ मेरा।

Wednesday 11 May 2016

वादों का क्या

वादों का क्या है, कल फिर नया इक कर लेंगे वादा!

जुबाने वादा अगर कर बैठे हैं तो क्या,
लिख कर कोई कागज तो हमने न दिया,
खता है ये उसकी एतबार जिसने किया,
वादा है ये फखत्, इन वादों का क्या?

वादा ही था, कल नया फिर कर लेगे हम इक वादा!

वो और थे जो वादो पे हो जातेे थे फना,
उम्र गुजरी थी जब, वादों की लगती थी हिना,
बंदिशें उन वादों की, जीना भी क्या उनके बिना,
वो एतबार क्या, जब उन वादो पे ना जिया?

वादा ही है वो जिसमे डूबे है दिल, डूबा ये सारा जहाँ!

दिल पिघल जाते है बस वादों की धूप में,
मर्म लेती है जन्म उन वादों की रूप में,
एहसास लहलहाते है उन वादों के स्वरूप में,
वादा तो है वो, सांसो की धागों से है जो सीया?

वादों का क्या, अब कौन निभाता है करके वादे यहाँ?

Sunday 8 May 2016

बेकरारियाँ

अब कहाँ दिखते हैं वो बेकरारियाें के पल,
जाम हसरतों के लिए कभी दूर वो जाते थे निकल,
क्या रंग बदले हैं मौसम ने, अब वो भी गए हैं बदल?

पल वो मचलता था उन बेकरारियों के संग,
अंगड़ाईयाँ लेती थी करवटें उनकी यादों के संग,
अब बिखरा है वो पल कहीं, क्या वो भी रहे हैं बिखर?

सुलग रही चिंगारियाँ, हसरतों के लगे हैं पर,
जल रही आज बेकरारियाँ, पर वो तो हैं बेखबर,
हम तो वो मौसम नहीं, यहाँ रोज ही जाते है जो बदल!

क्या अब भी है वहाँ बेकरारियाें के बादल?
सोंचता है ये बेकरार दिल आज फिर होके विकल!
भले रंग बदले हैं मौसमों ने, नेह नही सकता है बदल!

मुद्दतों गुजरे अफसाने

मुद्दतों हुए गुजरे उस अफसाने को,
इक झूठ ही था वो, हम सच मान बैठे थे जिसको!

छलता ही रहा हर पल मन उस छलावे में,
भटकता ही रहा हर क्षण बदन उस बहकावे में,
टूटा सा इक दर्पण निकला वो अपना सा लगता था जो।

मुद्दतों हुए गुजरे उस अफसाने को,
इक झूठ ही था वो, हम सच मान बैठे थे जिसको!

घुँघरू सा बजता था वो दिल के तहखानों में,
पहचाना सा इक शक्ल लगता था वो अन्जानों में,
टूटा है अब मेरा घुँघरू वो, इस दिल में बजता था जो।

मुद्दतों हुए गुजरे उस अफसाने को,
इक झूठ ही था वो, हम सच मान बैठे थे जिसको!

जाने कितनी बार छला है ये मन इस दुनिया में,
ये पागल दिल भूल जाता है खुद भी को मृगतृष्णा में,
टूटा है अब जाल वो छल का उलझा था इस मन में जो।

मुद्दतों हुए गुजरे उस अफसाने को,
इक झूठ ही था वो, हम सच मान बैठे थे जिसको!

Wednesday 27 April 2016

कहता है विवेक मेरा

कहता है हृदय मेरा, चल ख्वाहिशों का मुँह मोड़ दे तू।

तमन्नाओं की महफिल फिर जगमगाई है कहीं,
कहता है मन,
गीत कोई अधूरा सा तू गाता ले चल,
रस्मों की दम घोंटती दीवारों से,
तू बाहर निकल आ चल।

अधूरी ख्वाहिशों के शहर मे तमन्ना जागी है फिर,
कहता है दिल,
परिदें ख्वाहिशों के उड़ा ले तू भी चल,
छुपी है जो बात अबतक दिल मे,
कह दे तू भी आ चल।

महफिल ख्वाहिशों की ये, तमन्नाओं को पीने दे फिर,
कहता है विवेक,
मैं ना निकलुंगा आदर्शों की लक्ष्मन रेखा से,
तमन्ना मेरी पीकर भटके क्युँ,
चल ख्वाहिशों का मुँह मोड़ दे तू।

कहता है हृदय मेरा, विवेक की अनदेखी ना कर तू।

Thursday 14 April 2016

अनसुना कोई गीत

अनकहा कोई गीत गुनगुना लूँ मैं, ओ मन प्रीत मेरी!

यूँ तो आपने सुने होंगे गीत कई,
मिल जाएंगे आपको राहों में मीत कई,
कोई मिलता है कहाँ जो सुनाए अनकहा गीत कोई,
धड़कनों ने छेड़ी है मेरी इक संगीत नई,
आ सुना दूँ वो गजल तुझको, ओ मन मीत मेरी।

अनसुना कोई गीत गुनगुना लूँ मैं, ओ मन प्रीत मेरी!

तेरी धड़कनों में बजे होंगे संगीत कई,
कहने वालों ने कहे होंगे गजल-गीत कई,
दिल धड़कता है मेरा गा रहा अनसुना गीत कोई,
गुनगना लूँ मैं आपके सामने संगीत वही,
आ सुना दूँ वो गजल तुझको, ओ मन मीत मेरी।

नग्मा-ए-साज नया गुनगुना लूँ मैं, ओ मन प्रीत मेरी!

Sunday 10 April 2016

मोहब्बत चीज क्या?

ये मोहब्बत है या ये नशा है कोई?
पल दो पल तो इस जाम में डूबे है सभी,
है चीज क्या ये मोहब्बत सिखा दे कोई?
क्युँ बिखरे है प्यार में दिल ये बता दे कोई?

क्युँ गुनगुनाता है भँवरा कलियों पे कहीं?
क्युँ खिल जाती है कलियाँ बाग में फिर वहीं?
क्युँ जान देते है पतंगे उन दियों पे कहीं?
क्युँ मरते हैं प्यार मे जवाँ दिल ये बता दे कोई?

उधर शाख पर पत्तियाँ लहलहाती हैं क्युँ?
उन कटीली टहनियों पर फूल मुस्कुराती है क्युँ?
धूप की ओर सुरजमुखी घूम जाती है क्युँ?
क्युँ जल उठते है दिए प्यार में ये बता दे कोई?

ये मोहब्बत है या ये नशा, ये मुझको बता दे कोई?

Saturday 9 April 2016

चल संभल ले एे दिल

चल संभल ले एे दिल,यहीं कहीं खो न जाए मन तेरा।

खोया-खोया सा मन, ये किन वादियों में आज,
लग रहा यूँ मिल रहा दिल, आपसे सपनों में आज,
सामने बैठी हो तुम और मैं देखता हुँ चुपचाप।

दूर झिलमिल रौशनी में, बस मुस्कुराते हों आप,
बंद पलकें लिए मैं देखता, हर तरफ बस आप ही आप,
तसब्बुर में खोए हैं आपके, सामने बैठे हों आप।

तिलिस्म है ये कौन सा, गहरा हुआ अब ये राज,
क्या है वो हकीकत? या है वो बस तसब्बुर की बात,
लग रहा खो रहा मन, फिर उन्हीं सपनों में आज।

किन अंधेरों मे भटकता, बावरा ये मन मेरा,
सपनों की उन वादियों में, हर तरफ बस इक अंधेरा,
चल संभल ले एे दिल, कहीं खो न जाए मन तेरा।

Sunday 13 March 2016

झीलों के झिलमिल दर्पण में वो

नजरों मे वो, झीलों के झिलमिल दर्पण मे वो।

नजरों में हरपल इक चेहरा वही,
चारो तरफ ढूढूा करूँ पर दिखता नहीं,
झीलों के झिलमिल दर्पण मे वो,
देखें ये नजरें पर हो ओझल सी वो।

धुआँ-धुआँ वो अक्स, धूँध मे गुम हो जाए वो।

जगी ये अगन कैसी दिल में मेरे,
ख्यालों मे दिखता धुआँ सा अक्स सामने,
जाने किस धूँध में हम चलते रहे,
हर तरफ ख्यालों की धूँध मे खोया किए।

मन में वो, मन की खामोश झील में गुम सी वो।

चाँदनी सी बादलों में वो ढ़लती रहे,
झिलमिल सितारों मे उनको हम देखा करें,
आते नजर हो झीलो के दर्पण में तुम,
अब तो नजरों में तुम ही हो, जीवन में तुम।

नजरों मे तुम हो, झीलों के झिलमिल दर्पण मे तुम। 

Friday 11 March 2016

ये लब सिले सिले से

इक उदासी सी छाई क्युँ आपके चेहरे पे ?

वो चुभन कौन सी आपके दिल में,
जी दिख रही बरबस आपके मुखड़े पे,
बयाँ कर रही दास्ताँ बहुत कुछ ये नम आँखें,
कह रही दर्द कैसी ये लब सिले सिले से।

इक उदासी सी छाई क्युँ आपके चेहरे पे ?

ये सिहरन सी कैसी आपके बदन में,
जो दिख रही बरबस लड़खड़ाये कदमों में,
बयाँ कर रही दास्ताँ ये होश कुछ उड़े-उड़े से,
कह रही दर्द कैसी ये होठ काँपते से।

इक उदासी सी छाई क्युँ आपके चेहरे पे ?

Friday 19 February 2016

ये बेचारा दिल

ये अपना दिल न होता बेचारा,
गर जिन्दगी की राहों मे न आपसे मिला होता,
फलसफे चुन चुन कर रुशवाईयों के,
कागजों पे न आज लिख रहा होता।

ये अपना दिल न होता बेचारा,
गर सादगी पे आपकी ये न मर मिटा होता,
समुन्दर की बार बार उठती लहरों से,
पता आपका न आज पूछ रहा होता।

ये अपना दिल न होता बेचारा,
गर रूह की गहराईयों में न आपको बिठाया होता,
चूर चूर हो चुके इस दिल के हर टुकड़े से,
नाम आपका ही न आ रहा होता।

Monday 25 January 2016

अन्तर्द्वन्द

दिल की धकधक और मन की फकफक,
अन्तःद्वन्द घनघोर दोनों में नित झकझक।

दिल केंन्द्र भावना विवेचना का,
महसूस कर लेता स्पंदन हृदय का,
विह्वल हो प्यार में धड़कता पागल सा,
एकाकीपन के पल बेचैन हो उठता,
धड़क उठता मंद आहटों से भी धकधक।

मन कहता, दिल तू मत हो विह्वल,
विवेचना भावनाओं की तू मत कर,
राह पकड़ नित नई लगन की,
उड़ान ऊँची धर, मत एकाकीपन की सोच,
आहटों की मत सुन, अपनी लय मे तू धड़क।

दिल कहता, मन तू तो है स्वार्थी,
बेचैन रहता है तू भी अपनी चाह के पीछे,
टूटता है तब तू भी जब कोई ना पूछे,
मंजिल तेरे राह की बहुत दूर अंजान,
तू कभी मेरी भी सुन ले मत कर फकफक।

दिल की धकधक और मन की फकफक,
अन्तःद्वन्द घनघोर दोनों में नित झकझक।