Saturday 28 May 2022

रिक्त


उस सूनेपन में...
रात ढ़ले, ढ़ल जाऐंगे, जब वो तारे,
होंगे रिक्त बड़े, आकाश!

प्रतीक्षित होगा, तब दिन का ढ़लना,
अपेक्षित होगा, तम से मिलना,
दिन के सायों में, फैलाए खाली दामन,
‌रहा बिखरा सा आकाश!

टूटे ना टूटे, इस, अन्त:मन के बंधन,
छूटे ना छूटे, लागी जो लगन,
कंपित जीवन के पल, रिक्त लगे क्षण,
लगे उलझा सा आकाश!

रिक्त क्षणों में, संशय सा ये जीवन,
उन दिनों में, सूना सा आंगन,
लगे गीत बेगाना, हर संगीत अंजाना,
इक मूरत सा, आकाश!

उस सूनेपन में...
दिन ढ़ले, कहीं ढ़ल जाऐंगे, नजारे,
मुखर हो उठेंगे आकाश!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
  (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Thursday 26 May 2022

जाने किधर


बहा ले जाएगी, ये सफर, जाने किधर!

रोके रुकता कहां, ये भंवर!
इक धार है, इस पर कहां एतबार है,
रख दे, जाने कब डुबोकर,
ये कश्ती, किनारों पर!

बहा ले जाएगी, ये सफर, जाने किधर!

मोह ले, अगर, राह के मंजर,
मन ये, धीर कैसे धरे, पीर कैसे सहे!
जगाए, दो नैन ये रात भर,
और, सताए उम्र भर!

बहा ले जाएगी, ये सफर, जाने किधर!

देखूं राह वो, कैसे पलट कर!
तोड़ आया था जहां, स्नेह के बंधन,
पर, नेह कोई, बांधे परस्पर,
यूं खींच, ले जाए उधर!

बहा ले जाएगी, ये सफर, जाने किधर!

जाने, वो पंथ, कितना प्रखर!
आगे धार में, पल रहे कितने भंवर!
या, इक आशाओं का शहर!
यूं बांहें पसारे, हो उधर!

बहा ले जाएगी, ये सफर, जाने किधर!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा 
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)

Wednesday 4 May 2022

घेरे


आ घेरती हैं, हजारों ख्वाहिशें हर पल,
कहां होता हूं अकेला!

भले ही,भीड़ से खुद को बचाकर,
मींच लूं आंखें,
ये प्यासी ख्वाहिशें, बस रखती हैं जगा के,
दिखाती हैं, अरमानों का मेला,
कहां होता हूं अकेला!

म‌न ही जिद्दी, जा बसे उस नगर,
यूं लेकर, संग,
ख्वाहिशों के, बहकते चटकते-भरमाते रंग,
हर पल, फिर वही सिलसिला,
कहां होता हूं अकेला!

उनकी इनायत, उनसे शिकायत,
उनके ही, घेरे,
सुबहो और शाम, यूं लगे ख्वाहिशों के डेरे,
वहीं दीप, अरमानों का जला,
कहां होता हूं अकेला!

आ घेरती हैं, हजारों ख्वाहिशें हर पल,
कहां होता हूं अकेला!

- पुरुषोत्तम कुमार सिन्हा
   (सर्वाधिकार सुरक्षित)